छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बदमाशों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। ट्रांसपोर्टर के सूने मकान का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने पांच लाख कैश और साढ़े सात लाख रुपए के गहनों पर हाथ साफ कर दिया । शातिर चोरों ने सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी पार कर दिया। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
राजकिशोरनगर के कल्याण बाग में रहने वाले सच्चिदानंद मंगलानी (45) ट्रांसपोर्टर हैं। बीते शनिवार को दोपहर करीब तीन बजे वे परिवार के साथ रिश्तेदारी में रायपुर गए थे। इस दौरान उनके सूने मकान में ताला बंद था। इधर, रविवार की सुबह वे रायपुर से भाटापारा में रहने वाले रिश्तेदार के घर चले गए। फिर शाम करीब छह बजे वापस अपने घर कल्याण बाग पहुंचे। तब मकान का ताला टूटा मिला।
वहीं अंदर कमरे का लॉक टूटा हुआ था और आलमारी खुली थी। चोरों ने घर से पांच लाख रुपए नगद और साढ़े सात लाख रुपए कीमती सोने-चांदी के गहने गायब थे। शिकायत के बाद पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस की फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की मदद चोरी की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। ताकि, चोरों का कोई सुराग मिल सके।