CG :कमल फूल तोड़ने तालाब में उतरे डिप्टी रजिस्ट्रार जड़ों और दलदल में फंसे ,अस्पताल में तोड़ा दम..
दुर्ग: भिलाई स्थित स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय के उप-कुलसचिव भास्कर चंद्राकर की असमय मौत हो गई। यह दुखद घटना ग्राम पतोरा (उतई) में उस वक्त हुई, जब वे तालाब में कमल का फूल तोड़ने उतरे थे और डूब गए। मिली जानकारी के अनुसार, 4 सितंबर की शाम कार्यालयीन समय के बाद भास्कर चंद्राकर मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) के साथ अपने उतई स्थित प्लॉट का निरीक्षण कर रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम पतोरा से गुजरते हुए तालाब में कमल का फूल तोड़ते हुए वे डूब गए। तालाब में कमल की जड़ों और दलदल में फंसने की वजह से वे बाहर नहीं आ सके। सहकर्मी व गांव वालों की मदद से उन्हें जल्दी तालाब से निकाला गया और CPR दिया गया। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, फिर बीएसपी सेक्टर 9 हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वे स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय के उप-कुलसचिव थे। मूल रूप से रायपुर निवासी थे। अपनी सेवा की शुरुआत शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, जगदलपुर से की। तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में उन्होंने करीब 15 वर्षों तक सेवाएं दी। पिछले 4 वर्षों से सीएसवीटीयू में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत थे। कुलपति डॉ. अरुण अरोरा ने उन्हें सरल, सहज, विनम्र स्वभाव और दक्ष प्रशासनिक व अकादमिक व्यक्तित्व के रूप में याद किया।
डॉ. अरुण अरोरा ने कहा, उप रजिस्ट्रार चंद्राकर का असमय निधन तकनीकी शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वे अपने सहज व्यवहार और प्रशासनिक दक्षता के लिए सभी के बीच सम्मानित थे। यह दुःखद घटना तकनीकी शिक्षा जगत और परिवार के लिए गहरा सदमा है। हम दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिवार को इस कठिन समय में धैर्य की कामना करते हैं।
