हरियाणा : फरीदाबाद में AC फटा, दंपती-बेटी की मौत, बेटा खिड़की से कूदा, हाथ-पैर टूटे
हरियाणा के फरीदाबाद में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. जानकारी अनुसार ग्रीन फील्ड कॉलोनी स्थित एक घर में स्प्लिट एसी ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बेटा गंभीर रूप से घायल है और आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक, हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। उस वक्त परिवार गहरी नींद में था और एसी चालू था। अचानक धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरे घर में धुआं भर गया। धुएं और आग की वजह से दम घुटने से परिवार के मुखिया सचिन कपूर, उनकी पत्नी रिंकू और बेटी सुजान की मौत हो गई। जबकि बेटा आर्यन को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का बड़ा हिस्सा जल चुका था और तीन जिंदगियां खत्म हो चुकी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आधी रात को तेज धमाके की आवाज सुनाई दी और घर से धुआं निकलता देख पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस और दमकल को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
