एशिया कप में आज भारत का पहला मैच UAE से, रात 8 बजे से शुरू

एशिया कप में भारत का पहला मुकाबला दुबई में UAE से होगा। मैच भारतीय टाइमिंग के हिसाब से रात 8 बजे शुरू होगा। भारत और UAE दोनों ही ग्रुप ए में हैं। पाकिस्तान और ओमान की टीमें भी इसी ग्रुप में हैं। ग्रुप की सभी टीमों को आपस में एक-एक मैच खेलना है। टॉप-2 टीमें सुपर-4 में पहुंचेंगी। भारतीय टीम के सामने इस समय सबसे बड़ा सवाल ओपनिंग जोड़ी को लेकर है। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन पिछले साल जून में हुए टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से भारतीय टी-20 टीम के ओपनर्स रहे हैं। हालांकि, एशिया कप स्क्वॉड में शुभमन गिल को भी शामिल किया गया है।

अभिषेक शर्मा का ओपनिंग करना तय है। वे अपने करियर में इसी पोजिशन पर खेलते रहे हैं। अब अभिषेक के साथ संजू ओपनिंग करेंगे या गिल यह फैसला टीम मैनेजमेंट को लेना है। अगर अभिषेक और गिल ओपनिंग करते हैं तो संजू नंबर-3 पर खेल सकते हैं। इस स्थिति में तिलक वर्मा को बाहर बैठना होगा। नंबर-4 पर कप्तान सूर्यकुमार यादव खेल सकते हैं।

भारतीय टीम ने अब तक जिस तरह प्रैक्टिस की है उससे संकेत यही मिल रहा है कि प्लेइंग-11 में तीन स्पिनर जरूर शामिल होंगे। एक स्पिनर तो अक्षर पटेल होंगे। उनके साथ कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती को भी मौका मिल सकता है। तेज गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह का खेलना तय माना जा रहा है। उनके साथ हर्षित राणा को मौका मिल सकता है।

दुबई में बुधवार को बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन मैच के दौरान के दौरान गर्मी और उमस खिलाड़ियों को परेशान कर सकती है। क्योंकि, मौसम वेबसाइट एक्यू वेदर के अनुसार, रात 8 बजे भी दुबई का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहेगा। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच आमतौर पर गेंदबाजों के लिए मददगार होगी। नई बॉल से पेसर्स को स्विंग मिलेगी, फिर पिच स्लो होती चली जाएगी। यहां पर ओस भी बड़ा फैक्टर साबित होगा, क्योंकि मैच रात में खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *