CG : बिलासपुर के गोल बाजार में भीषण आग, 4 दुकानें खाक, शार्ट सर्किट से हादसा

छत्तीसगढ़ : बिलासपुर स्थित गोल बाजार में अपना लॉज से सटी 4 दुकानों में आग लग गई। मंगलवार (16 सितंबर) की रात हुए इस हादसे में कपड़े, जूते, बैग और मेवे की दुकान चपेट में आ गए। सबसे ज्यादा नुकसान कपड़े और जूते की दुकान को हुआ है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का हैं सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई। लेकिन धुंआ अधिक होने के कारण टीम को दुकान के भीतर घुसने में डेढ़ घंटे लग गए। घटना रात करीब 11.30 बजे की है। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में ड्रायफ्रूट्स, हैंडलूम और साड़ी की दुकानें धू-धूकर जलने लगीं। धुएं का गुबार उठते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

देर रात तक दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की। बीच बाजार भीड़ के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कत आई। कोतवाली पुलिस ने मौके पर बैरिकेडिंग कर भीड़ को नियंत्रित किया और टीम को ऑपरेशन पूरा करने में मदद दी। फिलहाल आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। दुकानों में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। नुकसान का सही आंकलन प्रशासन कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *