टैटू बनवाने का शौक… महिला ने खुद को बना लिया भूत, खर्च किए इतने रुपये..

टैटू बनवाना आम बात है मगर कई बार लोग इतने ज्यादा टैटू बनवा लेते हैं कि उनके शरीर पर सिर्फ टैटू ही टैटू नजर आता हैं. ऐसा ही कुछ एक महिला को देखकर भी लगेगा. वो टैटू से इस कदर भरी है कि असली स्किन नजर नहीं आती. अब इस महिला ने बताया है कि उसने टैटू पर कितने रुपये खर्च किए हैं. सुंदरता की परिभाषा हर किसी के लिए अलग होती है. कोई इसे सादगी में देखता है तो कोई इसे प्रयोग और बदलाव में. ऑस्ट्रेलिया की एंबर ल्यूक का नाम इसी अनोखे नजरिए से जुड़ा है. 30 वर्षीय एंबर को ‘ऑस्ट्रेलिया की सबसे ज़्यादा टैटू वाली महिला’ कहा जाता है, क्योंकि उनके शरीर का लगभग 98% हिस्सा टैटू से ढका हुआ है. एंबर की टैटू बनवाने की यात्रा महज़ 16 साल की उम्र में शुरू हुई थी. पहला टैटू बनवाने के बाद ही उनकी रुचि इतनी गहरी हो गई कि धीरे-धीरे यह जुनून में बदल गई. अब उनके शरीर पर कैलीग्राफी, पोर्ट्रेट्स और प्रतीकात्मक डिज़ाइनों का विशाल संग्रह है.

एंबर ने हाल ही में इंस्टाग्राम चैट में खुलासा किया कि उनकी इस बॉडी आर्ट की कीमत किसी को भी हैरान कर सकती है. अब तक उन्होंने 1.77 लाख पाउंड (करीब 1.8 करोड़ रुपये) सिर्फ टैटू पर खर्च किए हैं. हालांकि, कई बार कुछ टैटू आर्टिस्ट्स ने मुफ्त में भी उनका काम किया है, लेकिन कुल निवेश लाखों पाउंड तक पहुंच चुका है. टैटू के अलावा एंबर ने कई कॉस्मेटिक सर्जरी और बॉडी मॉडिफिकेशन भी करवाए हैं. इनमें टंग स्प्लिटिंग (जीभ को दो हिस्सों में बांटना), डर्मल पियर्सिंग, और सिर पर सींग (horns) इम्प्लांट करवाना शामिल है. सबसे खतरनाक और चर्चित प्रक्रिया रही आंखों का टैटू करवाना, जिसमें उन्होंने अपनी आंखों को नीला रंग दिलाया. इस प्रक्रिया के बाद वह लगभग तीन हफ्तों तक अंधी हो गई थीं. इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और प्रक्रिया दोबारा करवाई. एंबर का यह अनोखा और साहसी लुक सभी को पसंद नहीं आता. उन्हें कई बार आलोचनाओं और नकारात्मक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा है लेकिन वह इसे लेकर बेहद स्पष्ट हैं. उनके शब्दों में- “कभी-कभी मानसिक रूप से मैं मजबूत रहती हूं और कभी-कभी नहीं, लेकिन सबसे अहम बात यह है कि हर किसी की सुंदरता को देखने का अपना नजरिया होता है.” उन्होंने यह भी कहा कि इंसान को अपने सपनों का पीछा करना चाहिए, भले ही लोग कुछ भी कहें.