ट्रम्प फिर बोले- मैंने भारत-पाकिस्तान जंग रुकवाईं, कहा- दुनिया में 7 जंग रोकने की जिम्मेदारी UN की थी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कल मंगलवार को फिर भारत-पाकिस्तान जंग रुकवाने का दावा किया। उन्होंने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में अपने 56 मिनट के भाषण के दौरान यह बात कही, जबकि उनके बोलने के लिए 15 मिनट तय थे। UNGA को संबोधित करते हुए ट्रम्प ने कहा- दुनिया में जारी 7 जंग रुकवाने की जिम्मेदारी संयुक्त राष्ट्र की थी, लेकिन मैंने ये सभी जंग खत्म कराईं। ट्रम्प ने अवैध प्रवासियों, अमेरिका के आर्थिक हालात, रूस-यूक्रेन जंग, इजराइल-हमास जंग, कार्बन फुट प्रिंट जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। ट्रम्प के भाषण की शुरुआत में टेलिप्रॉम्प्टर खराब हो गया। इस पर उन्होंने कहा कि इससे उन्हें कोई दिक्कत नहीं है, इस तरह आप दिल से बात कर पाते हैं। अपने दूसरे कार्यकाल में ट्रम्प ने पहली बार UNGA को संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति रहते आखिरी बार 2020 में UN को संबोधित किया था।