भारत ने पाकिस्तान को हराया..रायपुर में जश्न, देर-रात जयस्तंभ चौक पर तिरंगा लेकर झूमे फैंस, आतिशबाजी की
एशिया कप 2025 में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया। भारत की जीत को लेकर रायपुर में भी जश्न का माहौल रहा। क्रिकेट प्रेमियों ने जयस्तंभ चौक पर जमकर आतिशबाजी की। रायपुर समेत प्रदेशभर में क्रिकेट लवर देर रात तक झूमते रहे। शहर के जय स्तंभ चौक पर बड़ी संख्या में प्रशंसक इकट्ठा हो गए। लोग भारत माता की जय और टीम इंडिया जिंदाबाद के नारों के साथ सड़कों पर उतर आए। ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हुए फैंस ने जीत का जश्न मनाया। जश्न के बीच जय स्तंभ चौक पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन गई। बड़ी संख्या में वाहन फंस गए और पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। फैंस ने तिरंगा लहराते हुए आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी साझा की। रायपुर का माहौल देर रात तक जीत के उल्लास में डूबा रहा।
