बीजापुर में IED ब्लास्ट, 1 जवान घायल, एरिया डॉमिनेशन ड्यूटी निकली थी टीम, सर्च ऑपरेशन जारी

छत्तीसगढ़ : बीजापुर जिले के नक्सल प्रभावित भोपालपटनम क्षेत्र में आज सोमवार को एक IED विस्फोट हुआ। इस घटना में सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया। यह विस्फोट माओवादियों की ओर से लगाए गए प्रेशर IED में हुआ है। घायल जवान को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। यह घटना बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह FOB पुजारी कांकेर कैंप से सुरक्षा बलों की टीम एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन पर निकली थी। टीम जब जंगल के अंदर गश्त कर रही थी, तभी नक्सलियों द्वारा पहले से बिछाए गए IED में जोरदार विस्फोट हुआ। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह IED ब्लास्ट एक पूर्व-योजित नक्सली साजिश थी, जिसका उद्देश्य गश्ती दल को निशाना बनाना था। IED की ताकत इतनी ज्यादा थी कि आसपास का क्षेत्र गड्ढे में तब्दील हो गया। हालांकि जवान को केवल मामूली चोटें आई हैं और बड़ा नुकसान टल गया। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, नक्सलियों का इरादा बड़ी वारदात को अंजाम देने का था, लेकिन सुरक्षाबलों की सतर्कता से उनकी योजना विफल हो गई। IED ब्लास्ट के बाद अतिरिक्त जवानों को मौके पर भेजा गया है, ताकि इलाके में छिपे नक्सलियों की तलाश की जा सके।
बीजापुर में यह IED ब्लास्ट एक बार फिर इस बात की पुष्टि करता है कि नक्सली अब भी सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की कोशिशों में जुटे हैं, लेकिन उनकी योजनाएं लगातार नाकाम हो रही हैं।