बागपत : मौलाना की पत्नी और बेटियों की मस्जिद में हत्या, पति अफगानी विदेश मंत्री के स्वागत में गए थे
उत्तर प्रदेश में बागपत में मौलाना की पत्नी और उनकी 2 बेटियों की हत्या कर दी गई। तीनों के शव मस्जिद के ऊपर बने कमरे में खून से लथपथ मिले। बताया जा रहा है कि वारदात के समय मौलाना अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी का स्वागत करने सहारनपुर गए थे। वारदात दोघट थाना क्षेत्र के गांगनौली गांव की है।
मस्जिद में नमाज पढ़ने गए लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतकों की पहचान मौलाना की पत्नी इसराना (30), बेटी सोफिया (5) और उमय्या (2) के रूप में हुई है। डीआईजी मेरठ भी मौके पर पहुंचे। पुलिस जांच में मस्जिद के सभी सीसीटीवी बंद मिले। पुलिस को शक है कि तिहरा हत्याकांड किसी करीबी ने ही किया है। बाद में मौके पर पहुंचे मौलाना से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। मुजफ्फरनगर के सुन्ना गांव में रहने वाले मौलाना इब्राहिम गांगनोली गांव की मस्जिद में नमाज पढ़ाने का काम करते हैं। वह पत्नी इसराना, बेटी सोफिया और सुमय्या के साथ मस्जिद की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में रहते हैं।
शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे गांव के कुछ लोग मस्जिद में नमाज पढ़ने पहुंचे। उन लोगों ने नमाज पढ़वाने के लिए मौलाना को आवाज लगाई। लेकिन, कोई रिस्पांस नहीं मिलने पर वे लोग ऊपर वाले कमरे में उन्हें देखने पहुंचे। तभी उनकी नजर कमरे के बाहर बहकर आ रहे खून पर पड़ी। गांववालों ने दरवाजा खोलकर देखा तो अंदर मौलाना की पत्नी और दोनों बच्चे खून से लथपथ पड़े थे। उनकी सांसें थम चुकी थीं। लोगों ने शोर मचाया, तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। फिलहाल पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है।
तीनों के सिर पर भारी हथियार से वार किया गया है। सिर और चेहरे से ब्लड निकल रहा था। पूरे कमरे में खून ही खून फैला पड़ा था। तीनों शवों को देखने से साफ लग रहा है कि हत्या बेरहमी से पीट-पीटकर की गई है। वारदात के वक्त मौलाना इब्राहिम घर पर मौजूद नहीं थे। उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
