पटना के मौर्या होटल में VIP के कार्यकर्ताओं में मारपीट, बेगूसराय में कांग्रेस-BJP कार्यकर्ता भिड़े

बिहार में महागठबंधन के दलों में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। पटना के होटल मौर्या में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) अध्यक्ष मुकेश सहनी की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले कार्यकर्ताओं ने आपस में मारपीट की। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे की शर्ट की कॉलर तक पकड़ी ली। कुर्सियां फेंक दीं। सहनी ने 243 में कम से कम 24 सीटों की मांग की है। तेजस्वी यादव उन्हें सिर्फ 15 सीटें देने पर अड़े हैं। सहनी और 8 से 9 सीटों को लेकर अड़े हुए हैं। उन्होंने आज दोपहर 12 बजे होटल मौर्या में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई थी। बाद में इसे टाल दिया। अब शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी।
दूसरी तरफ, बेगूसराय के बछवाड़ा सीट से कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी एकसाथ नामांकन के लिए तेघड़ा अनुमंडल कार्यालय पहुंच गए। इस दौरान दोनों पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से समर्थकों ने नारेबाजी की, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज करके भीड़ को खदेड़ दिया।
NDA के 226 प्रत्याशी घोषित, महागठबंधन की एक भी लिस्ट नहीं आई बिहार विधानसभा चुनाव के लिए NDA ने गुरुवार तक 226 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। भाजपा और JDU ने अपने सभी 101-101 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। लोजपा (आर) 14, और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के 6 उम्मीदवार घोषित हो चुके हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) ने भी 4 प्रत्याशी उतार दिए हैं।
महागठबंधन में अभी भी सीट शेयरिंग को लेकर रस्साकशी चल रही है। राजद और कांग्रेस लगातार अपने उम्मीदवारों को सिंबल बांट रही है। हालांकि, किसी भी पार्टी ने उम्मीदवारों की एक भी आधिकारिक लिस्ट जारी नहीं की है। राज्य में 2 फेज यानी 7 और 11 नवंबर को वोटिंग होनी है। रिजल्ट 14 नवंबर को आएगा। पहले फेज के लिए 17 अक्टूबर को नामांकन का आखिरी दिन है।