असम में कांग्रेस के प्रोग्राम में बांग्लादेश का राष्ट्रगान गाया, BJP बोली- यह वोट बैंक की राजनीति
असम के श्रीभूमि जिले में कांग्रेस सेवादल के कार्यक्रम में बांग्लादेश का राष्ट्रगान (अमर सोनार बांग्ला) गाया गया। सभा का वीडियो वायरल होने पर बीजेपी ने आपत्ति जताई।भाजपा ने इसे कांग्रेस का बांग्लादेश-प्रेम बताया है। श्रीभूमि जिला बांग्लादेश सीमा के करीब आता है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस अब खुलेआम बांग्लादेश का राष्ट्रगान गा रही है। कुछ दिन पहले बांग्लादेश ने ऐसा नक्शा जारी किया था जिसमें पूरा नॉर्थ-ईस्ट उसके हिस्से में दिखाया गया था, और अब कांग्रेस उसी देश के गीत गा रही है। इस मामले में असम के CM हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि उन्होंने पुलिस को श्रीभूमि जिले के कांग्रेस नेताओं के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है। कांग्रेस की बैठक की शुरुआत भारतीय राष्ट्रगान की बजाय बांग्लादेश का राष्ट्रगान गाकर हुई। यह भारत की जनता और उसके राष्ट्रगान का घोर अपमान है। बांग्लादेश का राष्ट्रगान गाना इस दावे का समर्थन है कि पूरा पूर्वोत्तर बांग्लादेश का हिस्सा है।
असम के मंत्री अशोक सिंघल ने लिखा – असम के श्रीभूमि में कांग्रेस की एक मीटिंग में बांग्लादेश का नेशनल एंथम अमर सोनार बांग्ला गाया गया। वही देश जो नॉर्थ ईस्ट को भारत से अलग करना चाहता है! अब यह साफ हो गया है कि कांग्रेस ने दशकों तक असम में अवैध घुसपैठ को क्यों होने दिया और बढ़ावा दिया। वोट-बैंक की राजनीति के लिए राज्य की डेमोग्राफी बदलने और एक ग्रेटर बांग्लादेश बनाने की कोशिश हो रही है।
