आज सरदार पटेल की 150वीं जयंती, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर भव्य आयोजन, PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि

आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती है। इस मौके पर देशभर में एक भारत श्रेष्ठ भारत थीम पर कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के केवड़िया पहुंच सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी। नरेंद्र मोदी के 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद से पटेल की जयंती हर साल 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। पीएम मोदी केवड़िया में आयोजित भव्य परेड में भी शामिल हुए। ये परेड केवड़िया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के सामने आयोजित की गई। परेड में 16 राज्यों के पुलिस बल शामिल हुए। साथ ही पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी कदम ताल करते हुए नजर आए। परेड के दौरान अलग-अलग राज्य की झांकियां पेश की गई। राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में सांस्कृतिक उत्सव और सुरक्षा बलों का अद्भुत तालमेल दिखा जिसमें उनके कौशल, अनुशासन और वीरता का प्रदर्शन किया गया। केवड़िया में ये आयोजन दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाले गणतंत्र दिवस परेड की तर्ज पर किया गया।