फ्रांस : म्यूजियम से नेपोलियन के 8 कीमती गहने चोरी, दीवार फांद, कटर से खिड़की काटकर अंदर घुसे चोर
फ्रांस के पेरिस में फेमस लूव्र म्यूजियम में चोरी की घटना हुई। संस्कृति मंत्री रशीदा दाती ने बताया कि चोर ज्वेलरी लेकर भाग गए। उन्होंने X पर लिखा, ‘ लूव्र म्यूजियम में खुलते ही चोरी हुई।’ यह दुनिया के सबसे बड़े संग्रहालयों में से एक है। पेशेवर चोर म्यूजियम की दीवार फांदकर अंदर घुसे और डिस्क कटर से खिड़की काटकर महज 7 मिनट में नेपोलियन और महारानी जोसेफिन के 8 बेशकीमती गहने चुरा लिए। चोरी हुए गहनों में 1855 में बना ऐतिहासिक यूजनी क्राउन भी शामिल है, जो हजारों कीमती रत्नों से जड़ा है। इस ताज के कुछ हिस्से टूटे हुए पाए गए। माना जा रहा है चोरी के दौरान ये टूट गया होगा। फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने इस घटना को बड़ी डकैतियों में से एक करार दिया। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘जांच शुरू हो गई है और चोरी हुई वस्तुओं की एक लिस्ट तैयार की जा रही है।’ फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने बताया कि चोरों ने मॉडर्न तरीके से वारदात को अंजाम दिया। चोर एक ट्रक पर लगी सीढ़ी लेकर आए, जिसे उन्होंने सीन नदी की ओर म्यूजियम की दीवार से सटाया।
इसके बाद डिस्क कटर से खिड़की काटकर वे अंदर दाखिल हुए। पुलिस के अनुसार, चोरों ने एक मालवाहक लिफ्ट का इस्तेमाल किया, जो सीधे उस गैलरी तक जाती थी, जहां नेपोलियन और जोसेफिन का बेशकीमती संग्रह रखा था।यह लिफ्ट म्यूजियम में चल रहे निर्माण कार्य के लिए लाई गई थी। पुलिस का मानना है कि इस चोरी में तीन चोर शामिल थे। दो चोरों ने गैलरी में घुसकर चोरी की, जबकि तीसरा बाहर निगरानी करता रहा।
चोरों ने चेनसॉ (कटर) जैसे औजारों का इस्तेमाल कर गैलरी के शीशे और ताले तोड़े। चोरी के बाद वे एक टी-मैक्स स्कूटर पर सवार होकर ए6 मोटरवे की ओर भाग निकले। ट्रक और सीढ़ी को चोर मौके पर ही छोड़ गए, जो बाद में पुलिस को सबूत के तौर पर मिले।
