सलमान खान के खिलाफ दर्ज हुआ केस, पान मसाला विज्ञापन को लेकर कानूनी पचड़े में फंसे एक्टर
सलमान खान पान मसाला विज्ञापन को लेकर मुश्किल में पड़ गए हैं। बीजेपी नेता और राजस्थान हाईकोर्ट के वकील इंदर मोहन सिंह हनी ने एक्टर के खिलाफ केस दर्ज कराया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने जिस पान मसाला ब्रांड का प्रचार किया, उसके विज्ञापन भ्रामक और उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले हैं। हनी ने कहा कि, ‘सलमान खान करोड़ों लोगों के आदर्श हैं। जब वह किसी उत्पाद का प्रचार करते हैं तो लोग बिना सोचे समझे उस पर भरोसा करते हैं। दुनिया के कई देशों में बड़े फिल्म स्टार्स कोल्ड ड्रिंक तक का प्रचार नहीं करते, लेकिन हमारे यहां सितारे पान मसाला जैसे हानिकारक उत्पादों का विज्ञापन करते हैं। उन्हें युवाओं को गलत दिशा में नहीं ले जाना चाहिए।’
कहना है कि जिस कंपनी का प्रचार सलमान ने किया, उसने अपने प्रोडक्ट को केसर से युक्त इलायची और केसर मिश्रित पान मसाला बताकर झूठा प्रचार किया। शिकायतकर्ता के अनुसार, यह दावा झूठा है क्योंकि केसर की असली कीमत लगभग चार लाख रुपये प्रति किलो होती है और इतनी महंगी चीज पांच रुपये वाले पाउच में कैसे मिल सकती है?
कोटा कंज्यूमर कोर्ट ने इस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए सलमान खान और संबंधित कंपनी दोनों को नोटिस भेजे हैं। अब इस मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर 2025 को तय की गई है। अदालत में दायर याचिका में कहा गया है कि इस तरह के विज्ञापन युवाओं को गुमराह करते हैं और समाज में गलत संदेश देते हैं। इस पूरे विवाद पर अब तक सलमान खान या उस पान मसाला कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। फिलहाल सलमान इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसका निर्देशन अपूर्व लखिया कर रहे हैं। इसके अलावा वे सप्ताहांत पर टीवी शो ‘बिग बॉस 19’ की मेजबानी भी कर रहे हैं।
