अंबिकापुर : दीवार में 1 फीट छेद-कर 25 लाख के मोबाइल चोरी, महंगे आईफोन ले गए, सस्ते फेंके
छत्तीसगढ़ : अंबिकापुर शहर के गुदरी चौक स्थित गोलू मोबाइल शॉप में करीब 25 लाख रुपये की चोरी हुई है। 5 नवंबर की रात चोर दीवार के पीछे एक होल बनाकर अंदर घुसे और करीब 100 महंगे आईफोन और सैमसंग मोबाइल चोरी कर ले गए। जबकि सस्ती कंपनियों के फोन दुकान में ही छोड़ दिए। जानकारी के अनुसार, घटना 5 नवंबर की रात की है। दुकान संचालक विक्रांत जायसवाल और विवेक जायसवाल रोज की तरह दुकान बंद कर बौरीपारा स्थित घर चले गए थे। रात में चोरों ने हैंड ड्रिलर से दीवार में सेंध लगाई और अंदर प्रवेश कर लिया। दुकान के अंदर अलर्ट अलार्म भी बजा, लेकिन आसपास के लोगों ने ध्यान नहीं दिया।
अगले दिन सुबह जब संचालक दुकान पहुंचे तो पीछे की दीवार टूटी हुई थी और अंदर से मोबाइल सेट गायब थे। फर्श पर बिखरे मोबाइल बॉक्स और टूटे पैक देखकर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर कोतवाली पुलिस और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंची और जांच शुरू की। चोरों ने सिर्फ महंगे मोबाइल फोन अपने साथ ले गए, जबकि सस्ते मॉडल के फोन और उनके बॉक्स दुकान के पीछे फेंक दिए। बताया जा रहा है कि करीब 7 से 8 लाख रुपये कीमत के मोबाइल पीछे ही पड़े मिले। वहीं, कैश काउंटर में रखे नगद और सोने की अंगूठी को चोरों ने नहीं छुआ।
दुकान में लगे CCTV कैमरे में एक आरोपी अंदर मोबाइल निकालते हुए नजर आया है। पुलिस को आशंका है कि उसके साथी बाहर खड़े थे, जिन्हें वह फोन पास कर रहा था। आसपास लगे अन्य कैमरों की भी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह चोरी किसी बाहरी गिरोह ने की है, जिसने पहले दुकान की रेकी की थी। गुदरी चौक के घने बाजार क्षेत्र में इतनी बड़ी वारदात ने लोगों को दहला दिया है। रात के समय इलाके में सन्नाटा और ठंड का फायदा उठाकर चोरों ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संचालक मोबाइल स्टॉक का मिलान कर रहे हैं।
