छत्तीसगढ़ विधानसभा का विशेष सत्र 18 नवंबर को, पुरानी विधानसभा में यह आखिरी सत्र होगा

छत्तीसगढ़ विधानसभा का 18 नवंबर को विशेष सत्र बुलाया गया है, जो रायपुर के पुराने विधानसभा भवन में आयोजित होगाविधानसभा सचिव दिनेश शर्मा ने इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी है। यह सत्र ऐतिहासिक इसलिए माना जा रहा है क्योंकि यह पुराने विधानसभा भवन में आयोजित होने वाला आखिरी सत्र होगा. इसके बाद आगामी शीतकालीन सत्र नवा रायपुर के नए विधानसभा भवन में होगा. 

यह विशेष सत्र राज्य की 25 साल की संसदीय यात्रा पर केंद्रित रहेगा. सत्र के दौरान छत्तीसगढ़ की राजनीतिक, सामाजिक और विकास यात्रा पर चर्चा की जाएगी. इसके साथ ही उन नीतिगत फैसलों को भी याद किया जाएगा, जिन्होंने राज्य को आज के स्वरूप में पहुंचाया. यह सत्र न केवल बीते वर्षों की उपलब्धियों का मूल्यांकन होगा, बल्कि आने वाले समय के लिए नए संकल्पों का प्रतीक भी बनेगा.

साल 2000 में राज्य गठन के बाद से रायपुर स्थित पुराना विधानसभा भवन छत्तीसगढ़ की लोकतांत्रिक प्रक्रिया का केंद्र रहा है. इसी भवन से पहली बार राज्य की नीतियां बनीं, बजट पेश हुए और बड़े फैसले लिए गए. बीते 25 वर्षों में इस भवन ने कई मुख्यमंत्रियों, विधानसभा अध्यक्षों और सैकड़ों विधायकों की राजनीतिक यात्रा को सहेजा है.

अब यह ऐतिहासिक भवन अपनी भूमिका पूरी कर नए अध्याय की ओर बढ़ रहा है. नवा रायपुर में तैयार नया विधानसभा भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जहां डिजिटल संसदीय कार्यप्रणाली, पेपरलेस सत्र और अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *