रायपुर में Blinkit सर्विस ठप ! 700 डिलीवरी बॉयज हड़ताल पर, कहा- एक्सीडेंट-लूट हुई, मदद नहीं मिली, पेमेंट कम
छत्तीसगढ़ : रायपुर में आपके घर तक जल्द सामान पहुंचाने वाले ब्लिंकिट के करीब 600-700 डिलीवरी बॉयज हड़ताल पर चले गए हैं। वजह यह है कि उन पर 10 मिनट में सामान पहुंचाने कंपनी का दबाव है और पेमेंट भी कम कर दिया जा रहा है। एजेंटों ने कंपनी की नई कार्य-नीतियों के विरोध में सामूहिक रूप से काम बंद कर दिया। यह हड़ताल अब शहर के अधिकांश हिस्सों में असर दिखा रही है। बताया जा रहा है कि कंपनी की नई नीतियों से नाराज होकर कर्मचारियों ने यह कदम उठाया है।
जानकारी के अनुसार, ब्लिंकिट कंपनी ने हाल ही में डिलीवरी बॉय के वेतन में कटौती की है। साथ ही, डिलीवरी समय पूरा न होने पर पेनल्टी लगाने का नियम लागू किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी ने 10 मिनट में डिलीवरी पूरी करने की अनिवार्यता तय की है, जिससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है।
रायपुर शहर में ब्लिंकिट के करीब 700 से अधिक डिलीवरी पार्टनर काम करते हैं। इनमें से अधिकांश ने हड़ताल में शामिल होकर डिलीवरी पूरी तरह बंद कर दी है। इसका असर सीधे ग्राहकों पर पड़ रहा है, जिन्हें आवश्यक सामान समय पर नहीं मिल पा रहा है। वहीं इस मामले में कर्मचारियों ने बताया कि नई पॉलिसी में समय सीमा का दबाव, कम वेतन, और लगातार पेनल्टी लगने की वजह से काम करना बेहद कठिन हो गया है। उनका कहना है कि कंपनी डिलीवरी की स्पीड पर जोर दे रही है, सुरक्षा पर नहीं। कई कर्मचारियों ने यह भी बताया कि जल्दबाजी के कारण कई दुर्घटनाएं पहले ही हो चुकी हैं।
