CG : 2 दिन और शीतलहर चलेगी, फिर 5° तक बढ़ेगा तापमान, 5 दिन में ठंड और कम होगी
छत्तीसगढ़ में इस समय कड़ाके की ठंड का असर तेजी से दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तर और मध्य क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक शीतलहर बनी रहेगी। इसके बाद अगले पांच दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक वृद्धि की संभावना है, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलेगी। बुधवार को राज्य के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 1 से 2°C बढ़ा है। अंबिकापुर का तापमान दो दिन पहले 6°C तक गिरा, जो पिछले 10 वर्षों में नवंबर का सबसे न्यूनतम तापमान था। बुधवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 8°C रिकॉर्ड हुआ। दुर्ग 11°C के साथ मैदानी क्षेत्रों में सबसे ठंडा जिला रहा, जो सामान्य से 7°C कम है। रायपुर में न्यूनतम तापमान 13°C दर्ज हुआ, जो पिछले नौ वर्षों में नवंबर में दूसरी बार इतना कम रहा। राज्य में ठंड बढ़ने की मुख्य वजह उत्तर भारत से आ रही तेज और शुष्क हवाएं हैं। इन हवाओं के कारण सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई हिस्सों में पारा लगातार नीचे बना हुआ है।
रायगढ़ जिले के लैलूंगा, कापू, छाल और धरमजयगढ़ जैसे ग्रामीण और जंगल इलाकों में शहर से अधिक ठंड महसूस की जा रही है। शाम ढलते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं और अलाव तथा गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।
नवंबर में छत्तीसगढ़ का मौसम आमतौर पर साफ और खुला रहता है, जिससे दिन के समय हल्की ठंडक का सुखद अहसास मिलता है। रातें अपेक्षाकृत ठंडी होती हैं, जो मौसम को और सुहाना बना देती हैं। इस दौरान हवाएं हल्की और ताजगीभरी चलती हैं, जो पूरे वातावरण में खुशनुमा एहसास लाती हैं।
