वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत के लिए अरुंधति-प्रीति-मीनाक्षी ने जीते गोल्ड
भारतीय महिला मुक्केबाजों ने आज गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में आयोजित वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया। मीनाक्षी हुड्डा, अरुंधति चौधरी और प्रीति पंवार ने अपने-अपने फाइनल मुकाबले जीतकर भारत की झोली में लगातार तीन स्वर्ण पदक डाले। अंतिम दिन कुल 15 भारतीय मुक्केबाजों को स्वर्ण पदक के लिए रिंग में उतरना था, जिनमें से इन तीनों ने सबसे पहले देश को स्वर्णिम सफलता दिलाई।
भारत को पहला स्वर्ण पदक मीनाक्षी हुड्डा ने 48 किलोग्राम वर्ग में दिलाया। मीनाक्षी ने फाइनल में उज्बेकिस्तान की मुक्केबाज फरजोना फोजिलोवा को 5-0 से क्लीन स्वीप करते हुए शानदार जीत दर्ज की। मीनाक्षी ने अपनी ओपनिंग राउंड में शानदार क्लीनिकल प्रदर्शन किया, उनके काउंटर पंच तीखे थे, और वह शुरुआत से ही पूरी तरह से नियंत्रण में दिखीं। जीत के बाद मीनाक्षी ने दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह मुकाबले की शुरुआत में थोड़ी घबराई हुई थीं, लेकिन अद्भुत भीड़ को देखकर उन्हें जरूरी आत्मविश्वास मिला।
मीनाक्षी की सफलता के बाद, अरुंधति चौधरी और प्रीति पंवार ने भी अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज करके स्वर्ण पदकों की हैट्रिक पूरी की।अरुंधति ने महिला 70 किलोग्राम वर्ग के फाइनल मुकाबले में उज्बेकिस्तान की एक अन्य मुक्केबाज अजीजा ज़ोकिरोवा को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं प्रीति ने महिला 54 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में इटली की सिरीन चर्राबी पर जीत दर्ज करके भारत के लिए तीसरा स्वर्ण पदक सुनिश्चित किया।
ग्रेटर नोएडा में आयोजित इस मेगा इवेंट के अंतिम दिन कुल 15 भारतीय मुक्केबाज स्वर्ण पदक के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। मीनाक्षी, अरुंधति और प्रीति के अलावा, विश्व चैंपियन जैस्मीन लाम्बोरिया (57 किग्रा) और दो बार की पूर्व विश्व चैंपियन निखत ज़रीन (51 किग्रा) भी अन्य प्रमुख नामों में शामिल हैं, जो गुरुवार को स्वर्ण पदक हासिल करने के लिए रिंग में उतरेंगी।
