जम्मू-कश्मीर में पाला बर्फ की तरह जमा,पहलगाम में तापमान -4°C, राजस्थान में बारिश का अलर्ट
देश के पहाड़ी राज्यों की बर्फबारी से मैदानी इलाकों में सर्दी बढ़ रही है। इस बीच राजस्थान में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 27 नवंबर से उदयपुर, जोधपुर, अजमेर संभाग के जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इससे सर्दी बढ़ेगी। मध्य प्रदेश में रात को गर्मी और दिन में ठंडक बढ़ गई है। दरअसल प्रदेश में हवा की दिशा बदलने से उत्तरी हवाएं नहीं आ रही हैं, इससे रात का तापमान बढ़ गया है। दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर एरिया एक्टिव है। जिसकी वजह से प्रदेश में हल्के बादल हैं। इससे दिन में ठंडक बढ़ गई है। जम्मू-कश्मीर में भी कड़ाके की सर्दी है, पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इलाके में पाला बर्फ की तरह जम गया है। वहीं, उत्तराखंड के केदारनाथ और आदि कैलाश में तापमान माइनस 16°C चला गया है। बिहार में बीते कुछ दिनों से सर्दी बढ़ गई है। मंगलवार को पटना, बेतिया, बगहा, समस्तीपुर गोपालगंज, मधेपुरा, सुपौल, बेगूसराय, जहानाबाद समेत 10 से ज्यादा जिलों में सुबह घना कोहरा देखने को मिला। अगले 24 घंटे में तापमान में 1-3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
