मौत की अफवाहों के बीच इमरान खान से मिलीं बहन, कहा- उन्हें जेल में मेंटल टॉर्चर किया जा रहा
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन उज्मा खान ने मंगलवार को रावलपिंडी की अडियाला जेल में उनसे मुलाकात की। जेल से बाहर आकर उज्मा ने बताया कि भाई इमरान पूरी तरह ठीक हैं। दोनों के बीच करीब 20 मिनट तक मुलाकात हुई। उज्मा ने बताया– इमरान खान की सेहत बिल्कुल ठीक है, लेकिन वे बेहद गुस्से में हैं। उन्हें मेंटली टॉर्चर किया जा रहा है और इस सब के लिए आसिम मुनीर जिम्मेदार हैं। उनकी बाहरी दुनिया तक कोई पहुंच नहीं है। उन्होंने कहा कि वे आगे की जानकारी अपनी दोनों बहनों अलीमा खान और नौरीन खान से बातचीत के बाद शेयर करेंगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुलाकात से पहले भी उज्मा ने अलीमा खान से काफी देर तक बातचीत की थी।
इमरान खान से 27 दिन के बाद परिवार का कोई सदस्य मिला है। इससे पहले उन्होंने 5 नवंबर को अपनी बहन नौरीन खान से मुलाकात की थी। पिछले मंगलवार को इमरान खान से मिलने उनके समर्थक और परिवार वाले पहुंचे थे, लेकिन जेल प्रशासन ने उन्हें इजाजत नहीं दी। इसके बाद यह अफवाह फैल गई थी कि इमरान की मौत हो गई है और पाकिस्तान सरकार इसे छिपा रही है। इसे लेकर आज पाकिस्तान में बड़ा प्रदर्शन किया गया था, जिसे देखते हुए रावलपिंडी से लेकर इस्लामाबाद तक हाई अलर्ट जारी कर दिया गया था।
पाकिस्तान सरकार ने आदेश जारी कर रावलपिंडी में 1 से 3 दिसंबर तक सार्वजनिक सभा, रैली, जुलूस, धरना-प्रदर्शन और 5 से ज्यादा लोगों के इकट्ठे होने पर बैन लगा दिया है। धारा 144 लागू है। डिप्टी कमिश्नर डॉ. हसन वकार ने इसे लेकर एक आदेश जारी किया है। आदेश में हथियार, लाठी, गुलेल, पेट्रोल बम, विस्फोटक सामग्री ले जाने पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा नफरत भरे भाषण देना, पुलिस की बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश करना, दो लोगों के एक मोटरसाइकिल पर पीछे बैठने और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल करने पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने मंगलवार को इस्लामाबाद हाईकोर्ट के बाहर और रावलपिंडी (अडियाला जेल) में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया था।
#BREAKING: Imran Khan says he is being tortured inside Adiala Jail prison on instructions of Pakistan Army Chief Asim Munir. Imran Khan in solitary confinement in Pakistani prison with no access to outside world. Imran Khan sisters speak to media after meeting him. pic.twitter.com/mGosf6Fubs
— Aditya Raj Kaul (@AdityaRajKaul) December 2, 2025
आदेश में कहा गया है कि जिला खुफिया समिति ने रिपोर्ट दी है कि कुछ संगठन बड़े पैमाने पर लोगों को इकट्ठा करके कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की फिराक में हैं। ये लोग संवेदनशील ठिकानों, सरकारी इमारतों पर हमला कर सकते हैं, इसलिए जनता की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए ये पाबंदियां लगाई जा रही हैं।
PTI नेता असद कायसर ने कहा कि संसद के दोनों सदनों से विपक्षी सांसद इस्लामाबाद हाईकोर्ट के बाहर प्रदर्शन करेंगे और फिर अपना धरना अडियाला जेल ले जाएंगे। उन्होंने कहा, “प्रदर्शन करने का फैसला इसलिए लिया गया है, क्योंकि कोर्ट अपने आदेश को लागू कराने में नाकाम रहा है और जेल प्रशासन भी कोर्ट के आदेशों का पालन करने को तैयार नहीं है।”
पिछले हफ्ते खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री ने जेल के बाहर धरना दिया था क्योंकि उन्हें आठवीं बार इमरान खान से मिलने से रोका गया। इसी तरह खान के परिवार के सदस्यों को कई हफ्तों से उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है।
