67 की उम्र में 25 की दुल्हन…और अब अचानक मौत… सागर में पार्षद नईम खान को क्या हुआ?

सागर शहर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. लाजपतपुरा वार्ड के पार्षद नईम खान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. आज गुरुवार सुबह परिजन उन्हें अचेत हालत में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. नईम खान हाल ही में अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में आए थे. 67 साल की उम्र में 25 वर्षीय युवती से शादी करने के बाद उनकी चर्चा पूरे शहर में फैल गई थी. यह शादी विवादों से घिर गई और राजनीतिक रूप से दबाव बढ़ने पर भाजपा ने उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित भी कर दिया था. पार्षद की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि परिवार ने उन्हें अचानक बेहोश होने की जानकारी दी है, लेकिन मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. मेडिकल टीम ने पोस्टमार्टम की तैयारी कर ली है, जिसके बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा.

नईम खान सागर के गोपालगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लाजपतपुरा वार्ड से पार्षद थे. स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं में उनकी अचानक मौत को लेकर हैरानी के साथ-साथ दुख का माहौल है. पुलिस ने कहा है कि मौत की परिस्थितियां संदिग्ध लग रही हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. शुरुआती बयान परिजनों से लिए जा रहे हैं और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर निर्भर करेगी.नईम खान अपने निजी विवादों और राजनीतिक घटनाओं के चलते पिछले महीनों से लगातार खबरों में बने हुए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *