“विदेश जाएं या बंगाल की खाड़ी जाएं,हमें क्या फर्क पड़ता…” तेजस्वी यादव के यूरोप दौरे पर JDU का तंज
बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी को लेकर राज्य की सियासत गरमा गई। सत्तारूढ़ एनडीए गठबंधन के नेताओं ने इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर तीखा हमला बोला, जबकि आरजेडी ने इसे निजी यात्रा बताते हुए स्पष्ट जवाब दिया है। इस बयानबाजी से बिहार की राजनीति में एक बार फिर सरकार बनाम विपक्ष का माहौल बन गया है।
शुक्रवार को सदन के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक दुलारचंद गोस्वामी ने तेजस्वी यादव के कथित यूरोप दौरे पर तंज कसते हुए कहा, तेजस्वी यादव विदेश जाएं या बंगाल की खाड़ी जाएं, इससे हमें क्या फर्क पड़ता है? उनका बिहार की जनता से कोई सरोकार कभी रहा ही नहीं। उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जनता पहले ही ऐसे नेताओं को “सबक सिखा चुकी है” और सरकार अपने विकास कार्यों में पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
