ISSF वर्ल्ड कप फाइनल में भारत को तीन मेडल, सिमरनप्रीत कौर ने 25 मीटर पिस्टल में गोल्ड जीता
दोहा में चल रहे ISSF वर्ल्ड कप फाइनल 2025 में भारत की युवा शूटर सिमरनप्रीत कौर ने 25 मीटर पिस्टल इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा। रविवार को हुए फाइनल में उन्होंने 41/50 स्कोर करते हुए जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की।
वहीं, मनु भाकर क्वालिफिकेशन में नौवें स्थान पर रहीं और फाइनल से बाहर हो गईं। पुरुषों के 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने सिल्वर जीता। जबकि अनीश भनवाला ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में सिल्वर जीता। इसके साथ ही भारत के 6 मेडल हो गए हैं।
सिमरनप्रीत का पहला वर्ल्ड कप फाइनल मेडल 21 साल की सिमरनप्रीत ने फाइनल राउंड में शानदार प्रदर्शन किया। उनका 41/50 का स्कोर रिपब्लिक ऑफ कोरिया की पेरिस 2024 ओलिंपिक चैंपियन यांग जी-इन के बनाए गए जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड के बराबर रहा। यांग चौथे स्थान पर रहीं। चीन की याओ कियानशुन ने 36/50 के साथ सिल्वर और जर्मनी की डोरीन वेनकैंप ने 30/45 के साथ ब्रॉन्ज जीता। ओलिंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर 25 मीटर पिस्टल क्वालिफिकेशन में नौवें स्थान पर रहीं और फाइनल में जगह नहीं बना सकीं। इससे पहले शनिवार को वे 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में पांचवें स्थान पर रही थीं।
पुरुषों के 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन इवेंट में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने अपना पहला वर्ल्ड कप फाइनल मेडल जीता। वे 414.2 के नए वर्ल्ड रिकॉर्ड शूट करने वाले चेक शूटर जीरी प्रिवरात्स्की से केवल 0.9 पॉइंट पीछे रहे। चीन के पेरिस 2024 ओलिंपिक चैंपियन लियू युकुन ने 388.9 के साथ ब्रॉन्ज जीता।
