छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड…अंबिकापुर में 5° पारा, 4 शहरों में 10° से नीचे न्यूनतम तापमान
उत्तर से आ रही हवा के कारण छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने सरगुजा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभाग के जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। चार शहरों में तापमान 10°C से नीचे पहुंच गया है। राज्य के चार प्रमुख संभाग – सरगुजा, दुर्ग, बिलासपुर, और रायपुर – शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। मौसम विभाग ने इन संभागों के जिलों के एक-दो हिस्सों में 9 दिसंबर को शीतलहर जारी रहने की संभावना जताई है। रायपुर में भी ठंड का असर तेज़ी से बढ़ा है, जहां न्यूनतम तापमान 12°C के नीचे पहुँच गया है। माना क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान 8°C दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान रायपुर में 30.4°C और सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 5°C रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर शहर में 9 दिसंबर को सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम तापमान 12°C के आसपास रहने की उम्मीद है। शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए, रायपुर नगर निगम ने आम लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए शहर में अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू कर दी है। 12 से अधिक स्थानों पर रातभर अलाव जलाने के निर्देश दिए गए हैं। यह व्यवस्था बेघर लोगों, राहगीरों और आम नागरिकों को ठंड से तुरंत राहत देने के लिए की गई है। मेयर मीनल चौबे और कमिश्नर विश्वदीप के निर्देश पर, सभी ज़ोन कमिश्नरों और ज़ोन हेल्थ अधिकारियों को रात में फील्ड पर रहकर अलाव के इंतज़ाम की निगरानी करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने अचानक तापमान में हो रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए एक एडवाइजरी जारी की है। तापमान में अचानक बदलाव से हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर का खतरा बढ़ सकता है। लोगों से केवल आवश्यकता होने पर ही यात्रा करने और बाहर निकलते समय पूरी तरह गर्म कपड़े पहनने की अपील की गई है।
