महाराष्ट्रः हाईवे पर 200 मीटर तक आग ही आग, पलटने के बाद डीजल टैंकर में विस्फोट
महाराष्ट्र : बीड के मांजरसुम्बा घाट में एक डीजल टैंकर विस्फोट की घटना हुई. सोलापुर-धुले राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक डीजल टैंकर पलट गया और उसमें भीषण विस्फोट हो गया. विस्फोट के बाद डीजल सड़क पर फैल गया, जिससे आग सड़क पर दूर-दूर तक फैल गई. यह घटना सोलापुर-धुले राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीड के मांजरसुम्बा घाट पर दोपहर के आसपास हुई. राजमार्ग से गुजरते समय डीजल ले जा रहा एक टैंकर अचानक पलट गया, जिससे एक बड़ा विस्फोट हो गया.
इस कारण सड़क पर हर तरफ दहशत का माहौल बन गया. डीजल टैंकर पलटने के बाद भारी मात्रा में डीजल सड़क पर बह गया, जिससे सड़क पर आग लग गई. डीजल फैलने की वजह से आग करीब 100 से 200 मीटर तक फैल गई. आग में टैंकर पूरी तरह जलकर खाक हो गया है. हादसे का सटीक कारण क्या था? ट्रक का ड्राइवर और क्लीनर कहां हैं? क्या आग में कोई फंसा हुआ है? इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है. लेकिन, मांजरसुंबा घाट में हुए इस भयानक हादसे से इलाके में दहशत फैल गई है.
डीजल टैंकर में विस्फोट के बाद आग लगने से इसका धुआं दूर से ही देखा जा सकता था. हाईवे पर टैंकर पलटने के बाद कई लोगों ने अपने वाहन रोक दिए थे और वापस लौट गए. आग लगने की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और दमकल विभाग के वाहन मौके पर पहुंचे. आग बुझाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया. इस घटना से हाईवे पर हड़कंप मच गया है. सुरक्षा कारणों से सड़क के दोनों ओर यातायात रोक दिया गया.
