रायसेन जिला अस्पताल में कॉकरोच और खटमल से मरीज परेशान, प्रसूता वार्ड में बेड पर रेंगते मिले कॉकरोच
मध्यप्रदेश : रायसेन जिला अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। अस्पताल के प्रसूता और नवजात शिशु वार्ड (SNCU) में कॉकरोच और खटमल रेंगते नजर आए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता ने इसकी शिकायत बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष आदित्य चावला से की तो उन्होंने जिला अस्पताल में निरीक्षण कार्रवाई के दौरान पाया कि अस्पताल में गंदगी का अंबार लगा है। तो वहीं नौनिहाल बच्चों के पलंगों के नीचे कॉकरोच के ढेर लगे हैं। वहीं खुले आम कीड़े मकोड़े रेंग रहे हैं। रायसेन जिला अस्पताल के सिविल सर्जन का चार्ज जब से यशपाल सिंह बालियान ने संभाला है, तब से रायसेन जिला अस्पताल वेंटिलेटर पर आ गया है। डॉक्टर यशपाल सिंह बालियान कभी कार्यालय में नहीं बैठते हैं और अपने घर से ही जिला अस्पताल को चला रहे हैं। उनके ऊपर भ्रष्टाचार के भी आरोप लग चुके है।
वहीं इस मामले में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष आदित्य चावला का कहना है कि ये मासूम बच्चों से संबंधित शिकायत थी जो मेरे पास आई थी। मैंने निरीक्षण किया तो गंदगी और कीड़ों के साथ काकरोच भी मिले है। मैं इसकी उच्च स्तरीय शिकायत करूंगा। रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा का कहना है कि ये बेहद ही गंभीर मामला है, इसकी जांच कराकर कार्रवाई करेंगे और भविष्य में ऐसी कोई गलती ना हो ऐसे प्रयास करेंगे।
