रायपुर : यूथ कांग्रेस नेता ने स्कॉर्पियो से गाड़ियों को मारी टक्कर, भीड़ ने पीटा, पिस्टल-ड्रग्स के साथ गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ : रायपुर में यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव राहुल ठाकुर ने देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से सड़क किनारे खड़ी 6 से ज्यादा गाड़ियों को टक्कर मार दी। कई लोग बाल-बाल बचे। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के बैजनाथपारा इलाके का है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो बेहद तेज रफ्तार में थी। अचानक हुई टक्करों से कई लोग बाल-बाल बचे। घटना का पूरा दृश्य आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, जिसमें वाहन के अनियंत्रित होकर इधर-उधर टकराते हुए साफ देखा जा सकता है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि टक्कर के बाद भी चालक और उसके साथी वाहन से उतरकर हंगामा करने लगे। गुस्साए लोगों ने राहुल ठाकुर और उसके साथियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। हालात बिगड़ते देख आरोपी मौके से वाहन समेत फरार हो गए। कुछ देर बाद सूचना मिली कि राहुल ठाकुर अपने साथियों के साथ दोबारा इलाके में पहुंचा, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया। इसकी सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल कार्रवाई करते हुए राहुल ठाकुर तथा उसके साथी पारस वाधवा को हिरासत में ले लिया।
रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बैजनाथपारा इलाके में आधी रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने सड़कों पर उत्पात मचाया। आरोप है कि यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव राहुल ठाकुर स्कॉर्पियो चला रहे थे। उन्होंने सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मार दी। pic.twitter.com/tBSI3lW5bp
— NaiDunia (@Nai_Dunia) December 16, 2025
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोग बड़ी संख्या में आधी रात को ही कोतवाली थाना पहुंच गए और सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते वाहन नहीं रोका जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था और कई जानें जा सकती थीं। पुलिस ने बताया कि मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वाहन की टक्कर से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही हथियार से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
