‘वंदे मातरम् को राष्ट्र निर्माण का मंत्र बनाना है’, कोलकाता में बोले PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में नादिया के ताहेरपुर में रैली के लिए पहुंचे थे, लेकिन बताया जा रहा है कि लो विजिबिलिटी की वजह से उनका हेलीकॉप्टर लैंड नहीं कर पाया. इसके बाद वे कोलकाता एयरपोर्ट पर लौट गए. प्रधानमंत्री अब एयरपोर्ट से ही रैली को वर्चुअली संबोधित कर रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खराब मौसम के कारण रैली स्थल तक नहीं पहुंच पाने पर लोगों से माफी मांगी. पीएम मोदी ने कहा कि मौसम की वजह से उन्हें कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करना पड़ा. अपने संबोधन में पीएम मोदी ने महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय को नमन करते हुए कहा कि वंदे मातरम् ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष का मंत्र था. पीएम मोदी ने कहा, “‘वंदे मातरम् को राष्ट्र निर्माण का मंत्र बनाना है.”

प्रधानमंत्री ने रैली में शामिल होने जा रहे कुछ बीजेपी कार्यकर्ताओं की ट्रेन हादसे में मौत की सूचना पर गहरा दुख जताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में केंद्र सरकार पीड़ित परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है. प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार देश के नागरिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है. उन्होंने कहा कि जीएसटी ने बंगाल समेत पूरे देश के लोगों को बड़ी राहत दी है और दुर्गा पूजा और अन्य त्योहारों के दौरान देशभर के लोग इससे काफी लाभान्वित हुए हैं.

पीएम ने कहा कि गंगा बिहार से होकर बंगाल तक जाती है और बिहार ने बंगाल को रास्ता दिखाया है. उन्होंने कहा कि बंगाल को जंगलराज से मुक्त होना होगा और हर उम्र के लोग कह रहे हैं. प्रधानमंत्री ने दोहराया कि वे पूरे दिल से बंगाल के लोगों के लिए समर्पित हैं और राज्य के लिए फंड और नीतियों की कोई कमी नहीं है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कई विकास परियोजनाएं राज्य सरकार की वजह से लंबित पड़ी हैं. उन्होंने कहा कि अगर टीएमसी बीजेपी का विरोध करना चाहती है तो करे, लेकिन राजनीतिक फायदे के लिए विकास को रोके जाने की बात समझ से बाहर है. पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि वे बीजेपी को एक मौका दें, डबल इंजन सरकार बनने दें और भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार बंगाल के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगी.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *