राजस्थान : बाड़मेर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की मिली धमकी, परिसर को करवाया खाली

राजस्थान : सीमावर्ती बाड़मेर के कलेक्ट्रेट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. इसके बाद बाड़मेर पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट हो गई हैं. कलेक्ट्रेट की सरकारी ईमेल पर धमकी भरा मेल मिलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पूरे कलेक्टर परिसर को खाली करवाकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है. एडवोकेट ने बताया कि सुबह अपने कामकाज के लिए कचहरी आए थे, लेकिन कुछ देर बाद यह जानकारी मिली कि कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. इसके बाद पुलिस ने कलेक्ट्रेट परिसर को खाली करवा दिया है. बाड़मेर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिला कलेक्टर कार्यालय में सोमवार रात्रि को 10:45 पर मेल आया था. इसमें तमिल नाडु के चेन्नई में स्थित एक्टर रजनीकांत के घर सहित बाड़मेर कलेक्ट्रेट ऑफिस को मंगलवार को उड़ाने की धमकी दी थी. सुबह जिला कलेक्टर के पीए ने पुलिस अधीक्षक को लेटर भेज कर इसकी जानकारी दी और उसके बाद से पूरे कलेक्ट परिसर को खाली करवाकर पुलिस सहित सुरक्षा एजेंसियों ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पूरे कलेक्टर परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया. डॉग स्क्वाड सहित सुरक्षा एजेंसियां लगातार सर्च ऑपरेशन चलाकर जांच पड़ताल में जुटे हुए हैं.

इससे पहले भी हाल ही में बारां, अलवर, चित्तौड़गढ़ सहित कई जिलों के कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है. साथ ही पिछले कुछ हफ्तों में हाईकोर्ट में बम ब्लास्ट की धमकी कई बार मिल चुकी है. सूचना पर पुलिस हर बार सर्च अभियान चलाती है, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिलता है. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है.बाड़मेर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की मिली धमकी, परिसर को करवाया खाली