कलिंगा-यूनिवर्सिटी की चौथी मंजिल से गिरा नाइजीरियन छात्र, मौत, विदेशी गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड पर छत से फेंकने का आरोप
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित कलिंगा यूनिवर्सिटी में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यूनिवर्सिटी की इमारत से गिरकर नाइजीरिया मूल के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतक छात्र की पहचान नाइजीरियन नागरिक सैम के रूप में हुई है, जो कलिंगा यूनिवर्सिटी में एमबीए सेकेंड ईयर का छात्र था। पुलिस के मुताबिक घटना 22 दिसंबर की है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सैम पर एक विदेशी मूल की छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप है। इसी दौरान छात्रा का बॉयफ्रेंड वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि उसे देखकर सैम यूनिवर्सिटी की बिल्डिंग से कूदकर भागने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद छात्रा और उसका बॉयफ्रेंड मौके से फरार हो गए थे। बाद में दोनों ने भिलाई थाने में सरेंडर किया। चूंकि घटना स्थल रायपुर जिले का है, इसलिए भिलाई पुलिस ने इसकी सूचना रायपुर पुलिस को दी। इसके बाद दोनों को रायपुर लाया गया और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मृतक छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक सैम के कई साथी भिलाई थाने पहुंचे और प्रदर्शन किया। छात्रों ने सैम की मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी छात्रा और उसके बॉयफ्रेंड ने सैम को बुलाया था और विवाद के बाद उसे कॉलेज की चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। यह हादसा था या हत्या, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा। इधर, छात्र की मौत के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में शोक का माहौल है। पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
