रायपुर में ड्रग्स के साथ दिखे युवक-युवती, 6 अरेस्ट, टेबल पर 19 लाइन बनाई, कैश-क्रेडिट कार्ड रखा

छत्तीसगढ़ सरकार नशे पर नियंत्रण की बात कह रही है लेकिन राजधानी रायपुर में सूखा नशा धड़ल्ले से बिक रहा है. युवाओं का ड्रग्स लेते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है. यह वीडियो अमलीडीह कॉलोनी एरिया के एक फ्लैट का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो में एक लड़की भी दिखाई दे रही है. वीडियो में एक टेबल पर लाइन से ड्रग्स रखी हुई है. काफी नोट नजर आ रहे हैं. वहीं टेबल पर मोबाइल और एटीएम कार्ड भी रखा हुआ है. वीडियो में लड़की गाली देती हुई सुनी जा सकती है.

वहीं इस मामले में गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई दो माह में बढ़ी है. पुलिस एंड टू एंड इन्वेस्टीगेशन कर रही है. पुलिस सूखे नशे से जुड़े करीब 79 पैडलर्स को जेल भेज चुकी है. नशे के वायरल वीडियो को चिह्नित किया गया है. पुलिस जांच कर रही है. कार्रवाई कर दोषियों तक जल्द पहुंचेंगे.

छत्तीसगढ़ में नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में नशे का कारोबार सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहा है. सरकार खुद मान रही है कि ड्रग्स और सूखा नशा पाकिस्तान से सप्लाई हो रहा है. युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और उन्हें नशे की ओर धकेला जा रहा है. प्रदेश को नशे का गढ़ बना दिया गया है. इसे रोकना गृह मंत्री की जिम्मेदारी है.
पिछले हफ्ते पिरदा गांव के जेडी फार्म हाउस में अवैध तरीके से पार्टी का आयोजन किया जा रहा था. पुलिस को जब इसकी सूचना मिली, तो पुलिस ने छापेमारी की. फार्म हाउस से 21 युवक और युवतियों को गिरफ्तार किया गया था. पार्टी में खुलकर नशा परोसा जा रहा था.