कपिल और उनके शो के प्रोड्यूसर के खिलाफ केस दर्ज, कॉपीराइट उल्लंघन मामले में PPL बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंचा
कॉमेडियन-एक्टर कपिल शर्मा और उनके शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा’ के प्रोड्यूसर के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन मामले में केस दर्ज हुआ है। ये केस कॉपीराइट सोसाइटी फोनोग्राफिक परफॉर्मेंस लिमिटेड (PPL) की तरफ से बॉम्बे हाईकोर्ट में किया गया है। केस में कपिल शर्मा के साथ प्रोडक्शन कंपनियों K9 फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड और बीइंगयू स्टूडियोज प्राइवेट लिमिटेड को आरोपी बनाया गया है। सोसाइटी ने कोर्ट से शो में कॉपीराइट वाली साउंड रिकॉर्डिंग के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की है। मामले को 24 दिसंबर को जस्टिस शर्मिला यू देशमुख की सिंगल जज बेंच के सामने लिस्ट किया गया। कोर्ट ने शो के मेकर्स से जवाब मांगा है, जिसके लिए उन्हें दो हफ्ते का समय दिया गया है।
PPL द्वारा 12 दिसंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट में कपिल शर्मा के शो के खिलाफ कमर्शियल याचिका दायर की गई थी। कॉपीराइट नियमों का उल्लंघन का आरोप लगाते हुए याचिका में कहा गया था कि कपिल के शो के तीसरे सीजन में जून से सितंबर के बीच 3 लाइसेंसी गानों का इस्तेमाल बिना इजाजत किया गया।
एम बोले तो, फिल्म मुन्नाभाई एमबीबीएस
रामा रे, फिल्म कांटे
सुबह होने न दे, फिल्म देसी बॉय्ज
इन गानों का कॉपीराइट PPL इंडिया के पास है। बिना इजाजत इन गानों का इस्तेमाल कमर्शियल तौर पर करना कॉपीराइट कानून का उल्लंघन है। इन गानों का इस्तेमाल सिर्फ लाइसेंस होल्डर ही कर सकते हैं। PPL ने याचिका में मांग की है कि जल्द से जल्द कॉपीराइट वाले गानों का बिना लाइसेंस इस्तेमाल होने पर रोक लगाई जाए। इसके गैरकानूनी इस्तेमाल से हुई कमाई का खुलासा किया जाए और उल्लंघन से जुड़ी सामग्री जब्त की जाए।
12 दिसंबर को याचिका दायर करने से पहले नवंबर की शुरुआत में PPL इंडिया ने नेटफ्लिक्स और कपिल शर्मा शो के मेकर्स को एक सीज एंड डिसिस्ट नोटिस जारी किया था, लेकिन उन्हें महज टालने वाले जवाब ही मिलें और साउंड रिकॉर्डिंग को अब भी एपिसोड्स में दिखाया जा रहा है।
याचिका में ये भी कहा गया है द कपिल शर्मा शो के मेकर्स और नेटफ्लिक्स दोनों ने ही इसके लिए किसी तरह की इजाजत नहीं ली है।
