CG : रायगढ़ में हाथियों का कहर, घर तोड़े.. धान खरीदी केंद्र से बोरी उठाकर भागे, दहशत में आए लोग
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों ने आतंक मचा रखा है। हाथियों के हलचल की कई घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं के बाद ग्रामीण इलाकों में दहशत का मंजर साफ दिखाई दे रहा है। एक वीडियो में हाथी घर तोड़कर भीतर रखा धान खाते नजर आ रहा है। वहीं, दूसरे वीडियो में धान खरीदी केंद्र से धान की बोरी उठाकर भागता हुआ हाथी कैद हुआ है। लैलूंगा रेंज अंतर्गत एंकरा गांव में बीते दो दिनों से हाथी लगातार घरों को निशाना बना रहे हैं। कुछ दिन पहले एक घर में सो रहे परिवार पर बड़ा खतरा मंडरा गया था, जब हाथी ने दीवार तोड़ दी। जान बचाने के लिए परिवार दीवार तोड़कर बाहर निकल गया और किसी तरह अपनी जान बचाई। रायगढ़ वन मंडल के बंगुसिया गांव में पिछले एक सप्ताह से हाथी धान खरीदी केंद्र पहुंचकर धान की दावत उड़ा रहे हैं। बांगरसिया धान खरीदी केंद्र में देर रात तीन हाथी पहुंचे और करीब 19 धान बोरियों को नुकसान पहुंचाया। रायगढ़ वन मंडल में 34 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। वहीं, धर्मजयगढ़ वन मंडल में 42 हाथियों का दल सक्रिय है। इसके चलते ग्रामीण इलाकों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
