फ्रांस के राष्ट्रपति को पत्नी ने मुंह पकड़कर धकेला, मैक्रों असहज हुए, थोड़ी देर बाद उनके साथ प्लेन से उतरे

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों के बीच हुई झड़प का वीडियो वायरल हो रहा है। मैक्रों 25 मई को वियतनाम दौरे पर पहुंचे थे। इसी दौरान हनोई के नोई बाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनकी पत्नी ने उनका मुंह पकड़कर धकेल दिया। घटना तब की है, जब दोनों विमान से उतरने की तैयारी कर रहे थे। वीडियो में दिखता है कि जैसे ही मैक्रों के प्लेन का दरवाजा खुलता है, ब्रिगिट मैक्रों का मुंह पकड़कर धकेल देती हैं। मैक्रों इस दौरान कुछ पल के लिए चौंकते हैं, फिर जल्दी से अपने आपको संभालते हुए बाहर के लोगों की तरफ हाथ हिलाते हैं। इसके बाद ब्रिगिट भी पति के साथ बाहर आती हैं। वह मैक्रों के साथ प्लेन की सीढ़ियां से नीचे उतरती हैं। इस दौरान मैक्रों अपना हाथ उनकी तरफ बढ़ाने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह इसे अनदेखा कर देती हैं।

मैक्रों के ऑफिस एलिसी पैलेस ने इस पर टिप्पणी की है। शुरुआत में तो उन्होंने इसे नकारा, लेकिन बाद में इसे लेकर कहा कि यह बस दोनों के बीच हल्की-फुल्की तकरार थी। मैक्रों के एक करीबी सहयोगी ने AFP से कहा कि राष्ट्रपति और उनकी पत्नी हल्का-फुल्का मजाक कर रहे थे, लेकिन प्रो-रूसी ट्रोल्स ने इसे घरेलू विवाद के तौर पर पेश किया। कुछ देर बाद पत्रकारों से बात करते हुए मैक्रों ने कहा कि ये कोई झगड़ा नहीं था, बल्कि “हम आपस में मजाक कर रहे थे, जैसा अक्सर करते हैं।” यह घटना मैक्रों के दक्षिण-पूर्व एशिया दौरे की शुरुआत में हुई, जिसमें वह वियतनाम के बाद इंडोनेशिया और फिर सिंगापुर जाएंगे।

साल 1992 में जब इमैनुएल मैक्रों 15 साल के थे, उनकी मुलाकात ब्रिगिट ट्रोन्यू से हुई थी। ब्रिगिट तब 39 साल की थीं और उत्तरी फ्रांस के अमिएंस में ला प्रोविडेंस हाई स्कूल में फ्रेंच और ड्रामा की टीचर थीं। इमैनुएल उस स्कूल में पढ़ते थे। ब्रिगिट की बेटी मैक्रों की क्लासमेट थी। दोनों अच्छे दोस्त थे और अक्सर साथ दिखाई देते थे। ऐसे में कई लोग दोनों को गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड समझते थे। लेकिन मैक्रों को उनकी क्लासमेट नहीं बल्कि उसकी टीचर मां पसंद थीं। इमैनुएल स्कूल के ड्रामा क्लब में शामिल हुए, जहां ब्रिगिट ड्रामा सिखाती थीं। दोनों ने एक साथ एक नाटक पर काम किया, जिसमें इमैनुएल ने स्क्रिप्ट लिखने में मदद की। यहीं से उनकी नजदीकी शुरू हुई।