AIIMS में पहुंचा सिख युवक.. मुस्लिम युवकों ने की बर्बरता से हमला, औरंगजेब पर टिप्पणी के बाद मारपीट
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां पर एक गुरुद्वारे के पास हुई कथित मारपीट की घटना ने इलाके में तनाव बढ़ा दिया है. आरोप है कि गुरुद्वारे में औरंगजेब पर टिप्पणी होने के बाद कहासुनी बढ़ी और इस दौरान कुछ युवकों ने मिलकर एक सिख युवक पर हमला कर दिया. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी एक आंख को भी गंभीर चोट पहुंची है. फिलहाल पीड़ित रमनदीप सिंह का इलाज दिल्ली AIIMS में चल रहा है.
दरअसल ये घटना नूरपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक गुरुद्वारे की बताई जा रही है. यहां के रहने वाले रमनदीप सिंह पर कथित रूप से लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों के अनुसार, रमनदीप की एक आंख को भी गंभीर क्षति पहुंची है और वर्तमान में उनका उपचार दिल्ली AIIMS में चल रहा है पीड़ित के चाचा हरविंदर सिंह रिंकू का आरोप है कि 23 तारीख को नूरपुर गुरुद्वारे में संगत के दौरान इतिहास से जुड़े विषयों पर चर्चा हो रही थी. उसी दौरान पास से गुजर रहे मुन्ना नामक व्यक्ति को इससे आपत्ति हुई. परिजनों का दावा है कि कुछ देर बाद जब रमनदीप बाजार की ओर गए, तब मुन्ना अपने साथियों के साथ पहुंचा और उनसे मारपीट की. आरोप है कि हमलावरों के हाथ में डंडे, रॉड जैसे हथियार थे और रमनदीप को बुरी तरह पीटा गया.
घटना के बाद नूरपुर पुलिस ने मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, दो आरोपियों साहिल और एक बाल आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी मुन्ना पुत्र जुल्फकार और उसका एक अन्य साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है. इस घटना को लेकर सिख समाज में आक्रोश है. सामाजिक व स्थानीय संगठनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है. यदि गिरफ्तारी नहीं होती है तो आंदोलन की चेतावनी दी गई है. वहीं, बीजेपी की क्षेत्रीय मंत्री हजिंदर कौर ने भी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है.
