RSS पर कमेंट मामला… दिग्विजय से बोले राहुल-आपने गलत किया

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने RSS और भाजपा पर टिप्पणी को लेकर रविवार को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से आपत्ति जताई। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान दोनों नेता आमने-सामने हुए थे। दिग्विजय सिंह से हाथ मिलाते समय राहुल गांधी ने उन्हें मजाकिया लहजे में कहा, ‘कल आपने गलत व्यवहार कर दिया।’ यह सुनकर आसपास मौजूद नेताओं की हंसी छूट गईवहां सोनिया गांधी भी मौजूद थींवे भी हंसने लगींफिर राहुल और दिग्विजय के बीच थोड़ी देर बातचीत हुई। दरअसल, दिग्विजय सिंह ने 27 दिसंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए RSS और BJP के संगठनात्मक ढांचे की सराहना की थी। तस्वीर में नरेंद्र मोदी और लालकृष्ण आडवाणी दिखाई दे रहे हैं।

अपने पोस्ट में दिग्विजय सिंह ने लिखा था- यह बहुत ही प्रभावशाली तस्वीर है। किस प्रकार RSS का जमीनी स्वयं सेवक और भाजपा का कार्यकर्ता नेताओं की चरणों में फर्श पर बैठकर प्रदेश का मुख्यमंत्री और देश का प्रधानमंत्री बना। यह संगठन की ताकत को दिखाता है। दिग्विजय सिंह के पोस्ट के बाद पार्टी के भीतर उनकी आलोचना होने लगी। उधर, कांग्रेस स्थापना दिवस के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिग्विजय का नाम लिए बिना कहा- कांग्रेस ने कभी संविधान, धर्मनिरपेक्षता और गरीबों के अधिकारों से समझौता नहीं किया है। खड़गे ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने कभी धर्म के नाम पर वोट नहीं मांगे और न ही मंदिर-मस्जिद के नाम पर नफरत फैलाई। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने दिग्विजय के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि कांग्रेस को गोडसे की विचारधारा से जुड़े संगठन से कुछ सीखने की जरूरत नहीं है।

कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने कहा- RSS नफरत के आधार पर बना एक संगठन है और यह नफरत फैलाता है। नफरत से कुछ सीखने को नहीं मिलता। क्या आप अल-कायदा से कुछ सीख सकते हैं? अल-कायदा नफरत फैलाने वाला संगठन है। उस संगठन से क्या सीखा जा सकता है? विवाद बढ़ने के बाद दिग्विजय सिंह ने अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने सिर्फ संगठन की तारीफ की थी। उन्होंने कहामैं संगठन का समर्थन करता हूंमैं RSS, PM मोदी और उनकी नीतियों के खिलाफ हूं

दिग्विजय सिंह ने कहा- विचारधारा को लेकर कोई मतभेद नहीं है। हम सभी कांग्रेस में एकजुट हैं। नेहरू-गांधी परिवार ऐसा परिवार है, जिसमें दो लोगों ने शहादत दी है। भाजपा नेहरू-गांधी परिवार के भीतर मतभेद पैदा करने की कोशिश कर रही है।

भाजपा के कई नेताओं ने दिग्विजय सिंह के बयान की सराहना कीमहाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिग्विजय सिंह के बयान का स्वागत कियाउन्होंने कहाRSS लगातार सामाजिक समानता और राष्ट्रीय प्रगति के लिए काम करता रहा है। धीरे-धीरे लोग समझ रहे हैं कि RSS देश को आगे ले जाने का प्रयास कर रहा है, इसलिए उसके आलोचक भी उसकी सराहना कर रहे हैं।