अंतरिक्ष से दिखा बर्फ का इंसान ! नासा की सैटेलाइट तस्वीर ने खोला छिपा रहस्य

नासा के द्वारा ली गई इस तस्वीर ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा. इसमें बर्फ से बना एक साइबेरियन स्नोमैन दिखाई देता है. यह तस्वीर 16 जून 2025 को लैंडसैट-8 सैटेलाइट में लगे ऑपरेशनल लैंड इमेजर से ली गई थी. तस्वीर रूस के चुकची प्रायद्वीप में स्थित केप बिलिंग्स और बिलिंग्स गांव के पास की है. हालांकि नासा ने साफ किया है कि यह कोई असली स्नोमैन नहीं बल्कि जमी हुई झीलों और लैगून की एक खास बनावट है नासा के मुताबिक यह स्नोमैन जैसी आकार असल में करीब 22 किलोमीटर में फैली हुई है. यह जमी हुई लैगून की एक श्रृंखला है. इन लैगून का आकार और उनकी स्थिति ऐसी है कि ऊपर से देखने पर वे एक-दूसरे के ऊपर रखे गोल हिस्सों जैसे लगते हैं. अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के लैंडसैट डेटा से यह तस्वीर तैयार की गई है.

बिलिंग्स रूस के सबसे ठंडे और सुनसान इलाकों में से एक है. यहां जून का महीना भी पूरी तरह गर्म नहीं होता. मौसम से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, जून में भी यहां का औसत न्यूनतम तापमान माइनस 0.6 डिग्री सेल्सियस रहता है. गर्मियों में भी बर्फ जमी रहना आम बात है. इसी वजह से यहां ऐसी अनोखी प्राकृतिक बनावट देखने को मिलती है.

वैज्ञानिकों का कहना है कि यह आकृति थर्मोकार्स्ट नाम की प्राकृतिक प्रक्रिया से बनी है. जब जमीन के अंदर जमी बर्फ पिघलती है, तो ऊपर की मिट्टी धंस जाती है. इससे छोटे-छोटे गड्ढे बनते हैं. बाद में पिघलने से पानी से भर जाते हैं. हवा और पानी की लहरें इन झीलों को खींचकर अंडाकार आकार देती हैं. जमीन के नीचे मौजूद बर्फ की दरारों की सीमाएं ऊपर पतली धारियों के रूप में दिखती हैं. बिलिंग्स एक ऐसा इलाका है जहां पहुंचना आसान नहीं है. सर्दियों में जमी हुई नदियां और झीलें रास्ता बन जाती हैं. जिससे वहां जाना थोड़ा आसान होता है. गर्मियों में जमीन पिघल जाती है. पानी भर जाने से चलना मुश्किल हो जाता है. गर्मियों में यहां केवल हेलिकॉप्टर से ही पहुंचा जा सकता है. सर्दियों में यहां पर बर्फीली सड़क के रास्ते आप आ सकते हैं.

बिलिंग्स पूर्वी साइबेरियन सागर के किनारे बसा एक छोटा सा गांव है. यहां करीब 200 लोग रहते हैं. नासा की इस तस्वीर ने इस छोटे से इलाके को पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना दिया है. यह तस्वीर दिखाती है कि प्रकृति कभी-कभी बिना कुछ बनाए भी ऐसी आकृतियां बना देती है जिसे इंसाफ सिर्फ सोच सकता है.