Share Market : लाल निशान पर खुले सेंसेक्स-निफ्टी, शुरुआती कारोबार में US डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर
भारतीय शेयर बाजार में साल 2025 का समापन उम्मीद के विपरीत कुछ कमजोर संकेतों के साथ होता दिख रहा है। आज मंगलवार को शुरुआती कारोबारी सत्र में दलाल स्ट्रीट पर बिकवाली का दबाव दिखा। इससे प्रमुख बेंचमार्क सूचकांकों- सेंसेक्स और निफ्टी सुस्त बने रहे। बाजार में इस गिरावट की मुख्य वजह साल के अंत में होने वाले कम ट्रेडिंग वॉल्यूम और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की लगातार निकासी को माना जा रहा है।
शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 209.32 अंक गिरकर 84,486.22 पर आ गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 63.25 अंक गिरकर 25,878.85 पर पहुंच गया। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ. वीके विजयकुमार ने कहा कि साल के अंत का रुझान, हालांकि कमजोर है, लेकिन बाजार की दिशा में किसी बदलाव का संकेत नहीं देता है।
