उज्जैन में अवैध अतिक्रमण पर फिर गरजा बुलडोजर, नगर निगम की कार्रवाई
महाकाल की नगरी उज्जैन में महाकाल चौक पर सोमवार सुबह नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम ने महाकाल चौक के पास एक अवैध बिल्डिंग पर बुलडोजर एक्शन लिया। जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर चार मंजिला अवैध निर्माण को हटाने के लिए अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम ने जिस बिल्डिंग पर ये एक्शन लिया है उसका निर्माण कार्य जारी था। भवन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि, ‘मालिक को यहां निर्माण न करने की चेतावनी दी गई थी। वे अदालत गए और उन्हें कोई राहत नहीं मिली, फिर भी उन्होंने निर्माण नहीं रोका इसलिए नगर निगम ने पुलिस प्रशासन की मदद से ये कार्रवाई की है।’ बुलडोजर एक्शन के दौरान किसी प्रकार के कोई विरोध प्रदर्शन की फिलहाल कोई जानकारी नहीं। मालूम हो कि उज्जैन में एक बार फिर मोहन सरकार का बुलडोजर गरजा है। बीते साल भी कई जगहों पर अवैध निर्माण को इसी तरह से हटाया गया था।
मोहन यादव की सरकार ने ताजा कार्रवाई से नए साल पर भी ये साफ कर दिया है कि वे अवैध निर्माण पर सख्ती से कार्रवाई कर रहे हैं। बीते साल अगस्त में विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर से महज 100 मीटर की दूरी पर चल रही चिकन-मटन की एक अवैध दुकान को भी बुलडोजर एक्शन का सामना करना पड़ा था। वहीं महाकालेश्वर मंदिर के विस्तार के चलते पास में मौजूद एक कॉलोनी में भी बुलडोजर एक्शन लिए गए थे।
