भाठागांव के गोदाम में 1700 किलो नकली पनीर जब्त, खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मारा छापा

छत्तीसगढ़ : रायपुर में मिलावटी पनीर के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल (आईएएस) के निर्देश पर रायपुर जिले में मिलावटी मिठाई, पनीर और खोवा के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। भाठागांव इलाके में बड़े पैमाने पर नकली पनीर बनाने के मामले में बुधवार को विभाग की टीम ने एक गोदाम पर छापा मारकर 1700 किलो पनीर जब्त किया। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 4.76 लाख रुपए बताई जा रही है। 

सूचना मिलने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम वार्ड-64 स्थित केएलपी डेयरी एवं मिल्क प्रोडक्ट पहुंची। गोदाम में बड़े पैमाने पर नकली पनीर तैयार किया जा रहा था। टीम ने लूज पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा है। अभिहित अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेंद्र भारती, सतीश कुमार राज, सिद्धार्थ पाण्डेय, रोशनी राजपूत और नमूना सहायक सुजीत मुखर्जी कार्रवाई में शामिल थे। विभाग का कहना है कि लैब रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि शहर के आउटर इलाकों में गोदाम बनाकर नकली डेयरी उत्पादों का उत्पादन हो रहा है, जिससे आम लोगों की सेहत को गंभीर खतरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *