रायपुर के कारोबारी को 54 एकड़ बैंक गिरवी जमीन बेची, 11.51 करोड़ ठगे, कंपनी के डायरेक्टर, प्रमोटर, गिरफ्तार, 9 फरार
छत्तीसगढ़ : रायपुर में कारोबारी से जमीन के नाम पर 11 करोड़ 51 लाख की ठगी हुई है। पीड़ित ने हाई-टेक एब्रेसिव्स प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़े डायरेक्टर, प्रमोटर शेयर होल्डरों और प्रॉपर्टी ब्रोकर पर आरोप लगाया है। मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का है। पीड़ित विकास कुमार गोयल, संभव ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं और सरस्वती नगर में निवास करते हैं। उन्होंने बलौदाबाजार जिले में जमीन खरीदने का सौदा किया था।
15 अक्टूबर 2025 को हाई-टेक एब्रेसिव्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टरों और प्रॉपर्टी ब्रोकर रोहित घृतलहरे ने सिमगा तहसील के ग्राम नेवधा स्थित करीब 22.347 हेक्टेयर (54 एकड़) जमीन की जानकारी दी। आरोपियों ने जमीन को विवाद-मुक्त बताया। सेल्स एग्रीमेंट के बाद संभव ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड ने अलग-अलग तारीखों में चेक और RTGS के जरिए कुल 11.51 करोड़ रुपए हाई-टेक एब्रेसिव्स कंपनी के खाते में ट्रांसफर किए।
जांच में सामने आया कि यह जमीन पहले से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास गिरवी रखी हुई थी। जमीन को ग्लोबल हाई-टेक इंडस्ट्रीज लिमिटेड नाम की सिस्टर कंसर्न ने बैंक में गिरवी रखा था। 2019 में DRT मुंबई ने बैंक को वसूली का अधिकार भी दे दिया था। जब कारोबारी ने बैंक से NOC मांगा तो आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दे पाए। 9 जनवरी 2026 को कंपनी को पत्र भेजा गया, लेकिन न तो NOC मिली और न ही रकम लौटाई गई।
सरस्वती नगर पुलिस ने मामले में हाई-टेक एब्रेसिव्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर और शेयरहोल्डर नारायण प्रसाद टेकरीवाल, पंकज टेकरीवाल और प्रीतम टेकरीवाल को गिरफ्तार किया है। अन्य 9 आरोपी फरार हैं।
