इजरायल ने संयुक्त राष्ट्र की इमारत पर चलाया बुलडोजर, बोला- यह ऐतिहासिक दिन, हमें मुक्ति मिली
इजरायल ने पूर्वी यरुशलम के एम्युनिशन हिल पर स्थित संयुक्त राष्ट्र राहत कार्य एजेंसी (UNWRA) के कार्यालय को बुलडोजर से गिराना शुरू कर दिया है। इस कार्यालय को फिलिस्तीनियों की सहायता के लिए बनाया गया था। इजरायल ने इसे ऐतिहासिक दिन बताया है और कहा है कि उसे आज इस कार्यालय से मुक्ति मिल रही है।
संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) ने ‘एक्स’ पर कहा कि इजरायली सेना ने संयुक्त राष्ट्र कार्यालय के कर्मचारियों के उपकरण जब्त कर लिए और उन्हें शेख जर्राह इलाके में स्थित इमारत से जबरन बाहर निकाल दिया। पोस्ट में कहा गया, “यह न केवल यूएनआरडब्ल्यूए और उसके परिसर पर अभूतपूर्व हमला है, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र के विशेषाधिकारों का भी गंभीर उल्लंघन है।”
इजरायल लंबे समय से यूएनआरडब्ल्यूए की आलोचना करता रहा है, क्योंकि उसका कहना है कि यह फिलिस्तीन समर्थक है। इजरायल ने समूह पर हमास से संबंध रखने का भी आरोप लगाया है जिसे संयुक्त राष्ट्र एजेंसी ने पूरी तरह से नकार दिया है। इजरायल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह कार्रवाई उस नए कानून के तहत की गई है जिसके तहत आतंकवादी समूहों और हमास से संबंध रखने के आरोप में संगठन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्वीर ने इसे ‘ऐतिहासिक दिन’ बताते हुए कहा कि वह टीम के साथ यूएनआरडब्ल्यूए कार्यालय गए थे। “सालों से ये आतंकी समर्थक यहां मौजूद थे, और आज उन्हें उनके द्वारा बनाई गई हर चीज के साथ निर्वासित कर दिया गया है। यह सब उन कानूनों के परिणामस्वरूप हो रहा है जिन्हें मैंने इजरायल से यूएनआरडब्ल्यूए को निष्कासित करने के लिए शुरू किया था। और सिय्योन को मुक्ति मिल गई है।”
