UP-राजस्थान, हरियाणा के 27 जिलों में बारिश का अलर्ट, 60kmph की रफ्तार से हवा चलेगी
देश के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद अब बारिश-ओलावृष्टि का दौर शुरू होने की चेतावनी है। आज से राजस्थान, हिमाचल और पंजाब-हरियाणा में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है। यूपी के 15, राजस्थान और हरियाणा के 6-6 जिलों में बारिश हो सकती है। इस दौरान 60kmph की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर ओले गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में आज बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट है। यहां भी 22 से 24 जनवरी तक तेज बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। उत्तराखंड के 5 जिलों में आज और कल बर्फबारी का अलर्ट है। फिलहाल यहां पारा माइनस में चल रहा है। चमोली के वाण गांव में झरना जमा हुआ दिखाई दिया। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में अगले 7 दिनों में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकते हैं। इससे 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम और बिगड़ सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ या वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, पश्चिम से आने वाली हवा और बादलों का एक सिस्टम होता है। इसके एक्टिव होने से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में बारिश होगी। तापमान में गिरावट आएगी, साथ ही पाला पड़ने और कोल्डवेव के हालात बन सकते हैं।
