व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर जुआ-सट्टा खिलाने वाले 7 गिरफ्तार, बाजार में चल रहा था खुलेआम सट्टा

छत्तीसगढ़ : दुर्ग पुलिस ने मोबाइल व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर जुआ-सट्टा खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 07 मोबाइल फोन एवं 23 हजार रुपये नगद जुआ-सट्टा की रकम बरामद की है। सभी आरोपियों को छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 20.01.2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना भिलाई नगर क्षेत्र अंतर्गत सिविक सेंटर भिलाई में मुन्ना जूस कार्नर के पास मोबाइल के माध्यम से जुआ-सट्टा खेला जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दबिश दी और मौके से नरेश देवांगन को पकड़ा गया, जिसके कब्जे से एक मोबाइल फोन एवं 3000 रुपये नगद सट्टा रकम बरामद हुई। वहीं चिण्टू कुमार के कब्जे से एक मोबाइल फोन एवं 5000 रुपये नगद सट्टा रकम जप्त की गई। इस प्रकरण में कुल 8000 रुपये नगद एवं 02 मोबाइल फोन जप्त कर थाना भिलाई नगर के अप.क्र. 41/2026 अंतर्गत धारा 6,7 छ.ग. जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इसी प्रकार दूसरी कार्रवाई में सेक्टर-06 सी मार्केट में जुआ-सट्टा खिलाए जाने की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर कृष्णा जी प्रसाद उर्फ गोलु, भीष्म कुमार देवांगन, दीपक कुमार, गिरधर रेड्डी एवं संजय सेनापति को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 05 मोबाइल फोन, 15,000 रुपये नगद तथा सट्टा नंबर लिखी कापी बरामद की गई।