तंजानिया में सोने की खान का झांसा देकर कारोबारी से ठग लिए ढाई करोड़

रायपुर : तंजानिया में सोने की खान दिलाने का झांसा देकर मुंबई के एक जालसाज ने रायपुर के कारोबारी से ढाई करोड़ ठग लिए। जालसाज परिचित का था और उसने कारोबारियों को विश्वास में लेने के लिए तंजानिया का भ्रमण भी करवाया और गोल्ड माइंस भी दिखाया। बाद में पूरा मामला फर्जी निकला। सिविल लाइसं पुलिस ने इस मामले में अपराधदर्ज कर लिया है। मोतीबाग, बंजारी बाबा दरगाह के पास रहने वाले समर्थ बरड़िया तथा उनके जीजा मुकुल चोपड़ा ने मुंबई निवासी यश शाह के खिलाफ ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। समर्थ ने पुलिस को बताया है कि उनके जीजा की यश के साथ दो वर्ष पूर्व मुंबई में पहली बार मुलाकात हुई थी। इस दौरान यश ने मुकुल को अपने तंजानिया में सोने की खान होने की जानकारी दी।

यश ने मुकुल को 25 करोड़ रुपए देने पर सोने की खान पर हिस्सेदारी देने का झांसा दिया। इसके लिए मुकुल को यश ने खनन संबंधी टेंडर के फर्जी दस्तावेज दिखाए। कारोबारी द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार यश उन्हें झांसा देने अपने साथ तंजानिया लेकर गया। वहां ले जाने के बाद यश ने कारोबारियों को तंजानिया के रहने वाले किसी अब्दुल्लाह तथा दो अन्य से मुलाकात करवाई। यश ने मुकुल चोपड़ा को झांसा देते हुए कहा कि तंजानिया में गोल्ड माइंस खनन का ठेका लेने विदेशी नागरिकों को दो स्थानीय नागरिकों को पार्टनर बनाना पड़ता है, तभी उनको ठेका मिलता है।

मुकुल को झांसा में लेने के बाद पिछले वर्ष यश मुकुल से मिलने रायपुर आया। कारोबारी को झांसा में लेने के बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर एसकेएम बुलियन ट्रेडिंग की पार्टनरशिप कंपनी बनायी। कंपनी का बैंक अकाउंट तंजानिया स्थित म्वान्जा बैंक में खुलवाया। इसके बाद तंजानिया के अकाउंट में जालसाज ने एक लाख अमेरिकी डॉलर मुकुल से ट्रांसफर कराया। इस तरह मुकुल के कहने पर समर्थ ने अपने जीजा के तंजानिया स्थित बैंक अकाउंट में तीन करोड़ 14 लाख अमेरिकी डॉलर ट्रांसफर किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *