फायरिंग केस में एक्टर कमाल राशिद खान गिरफ्तार, मुंबई की रिहायशी बिल्डिंग पर चली थीं गोलियां
एक्टर कमाल राशिद खान उर्फ KRK को मुंबई पुलिस ने आज शनिवार को अंधेरी पश्चिम के ओशिवारा इलाके में एक रिहायशी बिल्डिंग में फायरिंग की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक्टर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट में पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर रात उन्हें पूछताछ के लिए ओशिवारा पुलिस स्टेशन लाया गया था। पुलिस के अनुसार, अपने बयान में KRK ने लाइसेंसी बंदूक से दो राउंड फायर करने की बात कबूल की है। यह घटना 18 जनवरी को ओशिवारा स्थित नालंदा सोसाइटी में हुई थी। जांच के दौरान सोसाइटी परिसर से दो गोलियां बरामद हुईं, जिनमें एक दूसरी मंजिल से और दूसरी चौथी मंजिल से मिली। पुलिस ने बताया कि एक फ्लैट एक लेखक-निर्देशक का है, जबकि दूसरा एक मॉडल का है।
एक फ्लैट लेखक-निर्देशक नीरज कुमार मिश्रा का है और दूसरा एक मॉडल प्रतीक बैद का। शुरुआत में सीसीटीवी फुटेज से कोई सुराग नहीं मिला, लेकिन फॉरेंसिक जांच में संकेत मिला कि गोलियां पास के KRK के बंगले से चलाई गई थीं।पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
KRK खुद को फिल्म क्रिटिक बताते हैं और सोशल मीडिया पर अक्सर फिल्मों की आलोचना करते नजर आते हैं। वे कई बार वो बॉलीवुड स्टार्स पर तीखी टिप्पणियां के कारण चर्चा में रहे हैं। वे सलमान खान, शाहरुख खान और अजय देवगन जैसे बड़े सितारों पर तीखी टिप्पणियां कर चुके हैं। सलमान खान ने तो उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा भी दर्ज कराया था।
