अमेरिका में 5 साल के बच्चे को हिरासत में लिया, स्कूल से लौटते समय गाड़ी से उतारा, फिर पिता गिरफ्तार

अमेरिका के मिनेसोटा स्टेट के कोलंबिया हाइट्स में मंगलवार को इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) एजेंट्स ने एक 5 साल के बच्चे लियाम कोनेजो रामोस को पिता के साथ हिरासत में लिया। दोनों को टेक्सास के इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर भेजा गया है। लियाम की स्कूल सुपरिंटेंडेंट जेना स्टेनविक ने बताया, ‘एजेंट्स ने चलती गाड़ी से बच्चे को उतारा। फिर उन्होंने उसे घर का दरवाजा खटखटाने को कहा, ताकि पता चले कि अंदर कोई है या नहीं।’ जेना ने इसे 5 साल के बच्चे का इस्तेमाल करना बताया। गिरफ्तारी के डर से पिता ने मां को दरवाजा खोलने से मना किया। हालांकि कुछ देर बाद माता-पिता ने अपने बच्चे को घर के अंदर लाने की मंशा से दरवाजा खोला, तभी बाहर मौजूद एजेंट्स ने पिता को गिरफ्तार किया। वहीं बच्चे को घर में मौजूद दूसरे लोगों को सौंपने से इनकार कर उसे भी अपने साथ ले गए। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने मिनियापोलिस लीडर्स से मुलाकात के दौरान घटना पर बात की। उन्होंने कहा, ‘बच्चा सिर्फ डिटेन हुआ है, गिरफ्तार नहीं।’ वेंस ने कहा कि एजेंट्स बच्चे को ठंड में छोड़ नहीं सकते थे और गैर-कानूनी व्यक्ति को गिरफ्तार करना जरूरी है।

लियाम अपने स्कूल जिले का चौथा छात्र है, जिसे ICE ने हिरासत में लिया है। स्कूल प्रशासन और परिवार के वकील के अनुसार, यह परिवार साल 2024 में इक्वाडोर से अमेरिका आया था। परिवार पर शरण से जुड़ा मामला चल रहा है, लेकिन उन्हें अमेरिका छोड़ने का कोई आदेश नहीं दिया गया था। चिल्ड्रेंस राइट्स संगठन की लीशिया वेल्च ने हाल ही में एक डिटेंशन सेंटर का दौरा किया। उनका कहना है कि वहां बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई बच्चे 100 दिनों से भी ज्यादा समय से हिरासत में हैं। अमेरिकी सरकार ने दिसंबर में खुद माना था कि करीब 400 बच्चों को डिटेंशन में रखा गया है। इनमें से ज्यादातर बच्चे बीमार हैं, कुपोषण का शिकार हैं और गंभीर शारीरिक व मानसिक परेशानी झेल रहे हैं।

होमलैंड सिक्योरिटी की प्रवक्ता ट्रिशिया मैकलॉफलिन ने गुरुवार को ऑनलाइन बयान में कहा कि पिता ने खुद बच्चे को अपने साथ रखने की इच्छा जताई थी। उनके अनुसार, पिता और बच्चा दोनों इस समय टेक्सास के डिली स्थित इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर में साथ हैं। स्कूल अधिकारियों ने बताया कि परिवार 2024 में अमेरिका आया था और उनका असाइलम केस अभी एक्टिव है। उन्हें देश छोड़ने का कोई आदेश नहीं दिया गया था। कोलंबिया हाइट्स पब्लिक स्कूल की सुपरिटेंडेंट जेना स्टेनविक ने सवाल उठाया कि 5 साल के बच्चे को क्यों हिरासत में लिया गया? आप यह नहीं कह सकते कि यह बच्चा किसी तरह का हिंसक अपराधी है।

मैकलॉफलिन ने कहा कि इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) ने बच्चे को टारगेट नहीं किया था, बल्कि उसके पिता एड्रियन अलेक्जेंडर कोनेजो एरियास को गिरफ्तार किया जा रहा था। बच्चे की सुरक्षा के लिए एक एजेंट उसके साथ रुका रहा।

ICE के मुताबिक, माता-पिता को यह विकल्प दिया जाता है कि वे अपने बच्चों के साथ डिपोर्ट हों या बच्चों को अपनी पसंद के किसी व्यक्ति के हवाले करें। 5 साल के बच्चे की गिरफ्तारी मामले पर पूर्व अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का बयान सामने आया है।

हैरिस ने X पर लियाम की एक फोटो शेयर करते हुए लिखा कि लियाम सिर्फ एक बच्चा है और उसे अपने परिवार के साथ घर पर होना चाहिए न कि इमिग्रेशन एजेंसी के डिटेंशन सेंटर में। एजेंसी एक बच्चे को चारे की तरह इस्तेमाल कर रही है।

कमला हैरिस ने आगे कहा कि इस खबर से वह खुद बहुत गुस्सा हुई हैं और जनता को भी होना चाहिए।