बिजनेसमैन से 200 करोड़ का लालच देकर, ठगे 11.50 करोड़ एक्ट्रेस आकांक्षा अवस्थी पर लगा आरोप! FIR हुई दर्ज
भोजपुरी फिल्म जगत और टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस आकांक्षा अवस्थी बड़ी कानूनी मुश्किल में फंसती नजर आ रही हैं। आकांक्षा और उनके पति विवेक कुमार (उर्फ अभिषेक कुमार सिंह चौहान) के खिलाफ मुंबई के पंत नगर पुलिस स्टेशन में 11.50 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने ये कार्रवाई एक व्यवसायी की शिकायत के बाद की है।
ठगी का शिकार हुए शख्स का नाम हितेश कांतिलाल अजमेरा (52 साल) है, जो कस्टम क्लीयरेंस का व्यवसाय करते हैं। हितेश का आरोप है कि एक्ट्रेस आकांक्षा अवस्थी, उनके पति विवेक और उनके कुछ सहयोगियों ने मिलकर उन्हें एक सोची-समझी साजिश के तहत शिकार बनाया। बता दें, आकांक्षा और उनके साथियों ने उन्हें ये विश्वास दिलाया कि फिल्म इंडस्ट्री में उनके बहुत गहरे संबंध हैं। एक्ट्रेस ने दावा भी किया था कि मुंबई के अंधेरी इलाके में उनका खुद का एक भव्य फिल्म स्टूडियो और आर्टिस्ट ट्रेनिंग सेंटर है और उन्होंने हितेश को स्टूडियो में हिस्सेदारी, शोहरत और 200 करोड़ रुपये के ब्याज-मुक्त लोन का लालच देकर निवेश करने के लिए भी उकसाया था।
ठगी की ये कहानी फिल्मी पटकथा जैसी लगती है और हितेश ने पुलिस को बताया कि एक्ट्रेस के पति विवेक कुमार ने दावा किया था कि बिहार के बेतिया में उनके एक वेयरहाउस (गोदाम) में 300 करोड़ रुपये नकद रखे हुए हैं। इस पर विवेक का कहना था कि कुछ कानूनी अड़चनों की वजह से ये रकम वहां फंसी हुई है और इसे निकालने के लिए कुछ निवेश की जरूरत है। उन्होंने वादा किया था कि पैसा निकलते ही वे चार दिनों के भीतर बिना किसी ब्याज के 200 करोड़ रुपये लौटा देंगे, खुद आकांक्षा ने इस बात की गारंटी दी थी।
साथ ही, आरोप है कि झांसे में आकर हितेश ने मार्च से जुलाई 2024 के बीच अलग-अलग खातों में कुल 11.50 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। यकीन दिलाने के लिए आरोपी हितेश को पटना भी ले गए और वहां कुछ कागजात दिखाए। इसके बाद जब 5 जुलाई 2024 को वे सब बेतिया जा रहे थे, तब विवेक कुमार रास्ते में ‘मिठाई खरीदने’ के बहाने गाड़ी से उतरे और फिर कभी वापस नहीं लौटे। कुछ समय बाद उन्होंने अपना फोन भी बंद कर लिया। काफी तलाश और टालमटोल के बाद अब पैसे वापस नहीं मिल रहे हैं तो, पीड़ित ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।
आकांक्षा अवस्थी ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत 2016 में जॉन अब्राहम की फिल्म ‘रॉकी हैंडसम’ से की थी। इसके बाद 2018 में उन्होंने ‘दबंग सरकार’ से भोजपुरी सिनेमा में कदम रखा। वे टीवी शो ‘इश्क में मरजांवा’ के अलावा खेसारी लाल यादव जैसे बड़े सितारों के साथ ‘विवाह’ और ‘जय हिंद’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। फिलहाल, पंत नगर पुलिस ने आकांक्षा अवस्थी, उनके पति और सहयोगियों के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। दरअसल, पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और आरोपियों की तलाश अब भी जारी है।
